पंजाब कांग्रेस में कलह के बीच पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यह कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं है कि अध्यक्ष बदल दिया जाएगा. पार्टी आलाकमान का फैसला पलटा नहीं जाएगा.

पंजाब कांग्रेस कलह पर भूपेश बघेल
पंजाब कांग्रेस के अंदरूनी विवाद अब काफी गहराता जा रहा है. पार्टी में संगठन के बदलाव के बाद चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर रंधावा जैसे कई नेता नाराज दिखाई दे रहे हैं. अब इसी नाराजगी के बीच पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने संगठनात्मक बदलाव के तहत 3 कार्यकारी अध्यक्षों को औपचारिक रूप से जिम्मेदारियां सौंपी हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी के आलाकमान के फैसलों को पलटा नहीं जा सकता है.
यह गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं- बघेल
पार्टी के अंदरूनी कलह पर भूपेश बघेल ने कहा कि अध्यक्ष बदलना कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं है और अब इस फैसले के पलटा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के ज्यादातर जिला अध्यक्ष और कमेटी के सदस्य यही चाहते थे. यह कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं है कि किसी ने कहा और अध्यक्ष बदल दिया गया. बघेल ने चन्नी को लेकर भी बयान दिया है.
चन्नी और रंधावा पर क्या बयान?
पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी और सुखजिंदर रंधावा को लेकर बघेल ने कहा कि मैंने उनके परसों फोन पर बात की है. उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से वे काम में व्यस्त थे और शहर से बाहर गए थे, लेकिन वापस लौटने पर वे मुझसे संपर्क करेंगे. उन्होंने कहा कि मैं भी चाय के लिए उनके घर जा सकता हूं या फिर वे भी पीसीसी ऑफिस आ सकते हैं. बघेल ने कहा कि पार्टी आलाकमान किसी के दबाव में काम नहीं करता है.
पार्टी का फैसला पलटा नहीं जाएगा- बघेल
उन्होंने कहा कि मैं नहीं मानता कि फैसले दबाव में लिए जाते हैं और न ही ऐसा होना चाहिए. इसलिए जो भी फैसले आलाकमान द्वारा लिए जा चुके हैं, वे सभी प्रभावी रहेंगे. उन्होंने कहा कि कल प्रदेश कांग्रेस की बैठक हुई है और इस दौरान आए सभी प्रतिनिधियों ने इन फैसलों को मान लिया है और आलाकमान को धन्यवाद भी किया है. उन्होंने कहा कि क्या ये कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल है. फैसला नहीं पलटा जाएगा.
यह भी पढ़ें- E20 ईंधन पर केजरीवाल का बड़ा कदम! 29 कंपनियों को लिखी चिट्ठी; कल जाएंगे जनता के बीच
