पुणे के पिपरी चिंचवड़ से एक बड़ा मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर मोशी में एक बिल्डिंग गिर गई है. अचानक से हुए हादसे में करीब 14 से 15 लोगों के फंसने की खबर सामने आ रही है. बिल्डिंग मोशी कचरा डिपो के पास की है.
भारी बारिश से मचा कोहराम
शुरुआती जांच में अंदाजा लगाया जा रहा है कि लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से कचरे का पहाड़ बिल्डिंग पर आ गिरा है. इसी की वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ. मामले के बाद से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है. मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की संभावना जताई जा रही है. मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला है.
राहत बचाव कार्य जारी
मलबे में लोगों के दबने की खबर सुनते ही पुणे के आपदा प्रबंधन विभाग और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची है. लोगों को मलबे से निकालने का काम बड़े स्तर पर किया जा रहा है. बता दें कि बारिश की वजह से पहले ही महाराष्ट्र में बचाव टीमों को अलर्ट पर रखा गया है. अनहोनी को रोकने के लिए हर जगह पर टीमों को लगाया गया है.
पूरे महाराष्ट्र का हाल बेहाल
बता दें कि पूरे महाराष्ट्र का हाल अभी के समय में बारिश की वजह से खराब हो रखा है. कई नदियों का पानी अपने स्तर से ऊपर आ चुका है. वहीं, कई जगहों पर तो बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है. ऑफिस में काम करने वाले लोगों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी गई है. वहीं, स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई है. कई जगहों पर बिजली 24 घंटे से नहीं आ रही है. कई मंदिर जलमग्न हो गए है. राज्य में कई शहरों में बादल फटने की खबर भी सामने आई है.
ये भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी, अनशन की वजह से 7 किलो वजन घटा, डॉक्टरों ने जताई चिंता!
