पंजाब के लुधियाना में वाल्मिकी मंदिर पर हमले का वीडियो सामने आया है. हमले के बाद वाल्मिकी समाज ने थाने के सामने प्रदर्शन किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

वाल्मिकी मंदिर पर हमला
पंजाब के लुधियाना से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. लुधियाना के एक वाल्मिकी मंदिर पर हमला किया गया है. आरोप है कि लगभग 25 हमलावर तलवार और पिस्तौल के साथ मंदिर में घुसे और जमकर पथराव करके तोड़फोड़ मचाई है. जानकारी के मुताबिक इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. मंदिर पर हमले के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
मंदिर पर हमला होने के बाद वाल्मिकी समाज ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन किया है. इस घटना का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि हमले के दौरान मंदिर की खिड़कियों के शीशे टूटे हैं. इस दौरान हमलावरों ने एक 20 साल के युवक को बेरहमी के साथ पीटा है. बताया जा रहा है कि इस दौरान युवक का हाथ टूट गया है और सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं.
नशीले पदार्थ बेचने का आरोप
घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. लोगों के मुताबिक इस विवाद की शुरुआत नशे के कारण हुई थी. ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में कुछ लोगों पर नशीले पदार्थ बेचने के आरोप थे. मोहल्ला सुधार समिति और वाल्मिकी समाज के लोगों ने उनसे इस धंधे को बंद करने के लिए कहा था. इसी रंजिश के चलते हमलावरों ने मंदिर और आसपास के इलाके में हमला कर दिया.
लोगों ने किया प्रदर्शन
मंदिर पर हमला होने की घटना के बाद स्थानीय लोगों और वाल्मिकी समाज में भारी आक्रोश है. हमले को लेकर देर रात भारी संख्या में लोगों ने थाना-7 के बाहर प्रदर्शन किया है. प्रदर्शनकारियों ने हमला करने वाले आरोपियों की जल्दी गिरफ्तारी करके उनके ऊपर एससी/एसटी एक्ट और धार्मिक भावनाओं को आहत करने से जुड़ी हुई धाराओं में कार्रवाई की जाए. पुलिस ने इस मामले में 6 नामजद और 20-25 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- दान चोरी मामले में बड़ा खुलासा! रिश्तेदारों को भेजते थे चोरी के पैसे; पूछताछ में आरोपियों का दावा
