भारी बारिश के कारण गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में एक मॉल की बाउंड्री वॉल नीचे जा गिरी. साथ ही पास की सड़क भी धंस गई है. हालांकि इस घटना में किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है.

दिल्ली-NCR में भारी बारिश
दिल्ली-NCR में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. पिछले 2 दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गुरुवार को भी सुबह से ही मूसलाधार बारिश हुई है. गुरुवार हुई बारिश से कई जगहों पर जलभराव जैसी स्थिति बन गई है. सड़कों पर लोगों को जलभराव के कारण ऑफिस जाने में कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है.
मॉल की गिरी बाउंड्री वॉल
दिल्ली-NCR में लगातार बारिश के कारण ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मौजूद श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के पास बने लंदन मार्ट में बेसमेंट के निर्माण कार्य के दौरान पूरी बाउंड्रीवाल गिर गई. इस घटना के साथ ही पास की सड़क भी अंदर धंस गई है. गुरुवार को दोपहर में लोगों ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसके बाद यह काफी वायरल हो रहा है.
पास में खोदा गया था बेसमेंट
वायरल वीडियो में बताया गया है कि यह जगह श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के पास की है, जहां पर लंदन मार्ट मॉल बनाया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण इस मॉल की बाउंड्री वॉल नीचे गिर गई. बताया जा रहा है कि पास में बेसमेंट खोदा गया था और लगातार बारिश के कारण पानी का रिसाव हुआ और बाउंड्री वॉल नीचे जा गिरी.
लोगों ने वायरल किया वीडियो
लोगों ने इस घटना का वीडियो वायरल करते हुए कहा कि यहां पर कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है. प्राधिकरण को जल्दी ही यहां पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने चाहिए. मॉल की बाउंड्री वॉल गिरने के साथ ही उसके पास की सड़क भी नीचे धंस गई है.
