Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक-रुककर हल्की से भारी बारिश हो रही है. पहाड़ी इलाकों में मूसलाधार बारिश ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है.लगातार बारिश की वजह से लैंडस्लाइड भी हुए हैं. जिससे दर्जनों सड़कें बंद हो गईं हैं. अगर आप अपने घर से बाहर निकल रहे हैं तो उससे पहले आपको बारिश को लेकर अपडेट पढ़ने की जरूरत है. मौसम विभाग ने आज पहाड़ से लेकर मैदान तक के लिए अलर्ट जारी किया है. लोगों को खराब मौसम में घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है. ऐसे में जानिए आपके शहर में मौसम का हाल क्या है?
आज भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 जुलाई को भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार जिन जिलों में भारी बारिश और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है वो हैं, नैनीताल, पौड़ी, उधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर. वहीं देहरादून, टिहरी,हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश अलर्ट जारी किया है.
नैनीताल-हरिद्वार समेत इन जिलों के स्कूल बंद
मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए जिले में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश के दौर की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने 10 जुलाई 2026 को नैनीताल जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. जिला प्रशासन ने 10 जुलाई को सभी सरकारी, अर्धसरकारी और निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12) और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश दिया है. सुरक्षा के मद्देनजर देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. पहाड़ी जिलों की बात करें तो चमोली में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे. रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में भी जिलाधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से कल 10 जुलाई को स्कूलों की छुट्टी के आदेश जारी कर दिए हैं.
उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, समुद्र तल से 9.6 किलोमीटर ऊपर तक विस्तृत चक्रवाती परिसंचरण ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है, जिसके उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के बाद उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ने की संभावना है. इसके प्रभाव से 10 जुलाई को उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. लगातार हो रही इस बारिश के कारण उत्तराखंड के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों के तापमान में 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम में अचानक ठंडक आ गई है.
हाई अलर्ट पर आपदा प्रबंधन टीमें
कुमाऊं मंडल के अधिकांश स्थानों पर और गढ़वाल मंडल के अनेक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने के तीव्र दौर की चेतावनी दी गई है. प्रशासन ने बिगड़ते हालात को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं.
अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम?
11 जुलाई को गढ़वाल की कई जगहों पर और कुमाऊं के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. देहरादून, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा. पर्वतीय इलाकों में बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी. 12 से 14 जुलाई को पूरे उत्तराखंड राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा.
