बिहार के सुपौल से एक बड़ा मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर 9 जुलाई की देर शाम में 7 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई है. गांव के ही एक युवक ने बच्ची पर कुदाल से हमला किया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई. मामले से गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक के घर को जला दिया. मामला सुपौल के सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड नबंर 8 का बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की देर शाम में शंभू शाह अपनी सात साल की बेटी के संग में दूध लेकर लौट रहा था. आगे-आगे शंभू शाह चल रहा था और पीछे उसकी बेटी प्रीति आ रही थी. अचानक ही गांव के ही रहने वाले युवक राजू शाह ने प्रीति पर कुदाल से ताबड़तोड़ वार कर दिया. आरोपी युवक ने प्रीति पर एक नहीं बल्कि कई बार वार किया, जिसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मामले के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल चुकी है.
प्रीति की हत्या करने वाला युवक पड़ोस में ही रहता था. हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया. मामले को अंजाम देने के बाद में आरोपी राजू अपने घर में जाकर छिप गया है. घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सभी लोगों ने उसके घर जाकर बाहर से आग लगा दी. मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद अधिकारियों ने आरोपी को घर से सुरक्षित बाहर निकाला.
स्थानीय लोगों को पुलिस ने बहुत समझाया, जिसके बाद में मामला शांत हुआ है. मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम एनकाउंटर: पुलिस की गैंगस्टर दीपक नांदल के शूटर्स से मुठभेड़, 60 राउंड फायरिंग के बाद 4 बदमाश ढेर
