दिल्ली सरकार ने बीजेपी विधायक अभय कुमार वर्मा को सरकार का मुख्य प्रवक्ता और विधायक अनिल कुमार शर्मा और हरीश खुराना को प्रवक्ता नियुक्त किया है. इनको लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने भी बयान दिया है.

दिल्ली सरकार को मिले 3 प्रवक्ता
दिल्ली सरकार को 3 प्रवक्ता मिल गए हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीजेपी विधायक अभय कुमार वर्मा को दिल्ली सरकार का मुख्य प्रवक्ता बनाया है. इसी के साथ विधायक अनिल कुमार शर्मा और हरीश खुराना को सरकार का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है. आपको बता दें कि ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं. सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकारी ने पारदर्शी, जवाबदेही और जनकेंद्रित शासन के संकल्प को मजबूत करने के लिए यह दम उठाया है.
लोगों और मीडिया तक फैसले पहुंचाने में आसानी
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इस व्यवस्था के माध्यम से सरकारी के नीतिगत फैसलों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की आधिकारिक जानकारी समय के साथ लोगों और मीडिया के पास पहुंच पाएगी. दिल्ली सरकार के मुताबिक ये मुख्य प्रवक्ता और प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किए गए जनप्रतिनिधि कई समसामयिक विषयों पर सरकार का अधिकृत पक्ष रखेंगे.
आसानी से साझा होगी आधिकारिक जानकारी
दिल्ली सकार का कहना है कि प्रवक्ताओं की मदद से महत्वपूर्ण फैसलों, नीतिगत पहलों और जनहित से जुड़े हुए मुद्दों पर आधिकारिक जानकारी आसानी से साझा की जा सकेगी. उन्होंने कहा कि ये लोग मीडिया से भी प्रभावी संवाद कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर सरकार की तरफ से तथ्यों और फैसलों का जवाब भी देने में सक्षम होंगे. दिल्ली सरकार के ये प्रवक्ता विभागों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर सरकार का नजरिया जनता तक पहुंचाएंगे.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रभावी जनसंवाद सुशासन का आधार है. उन्होंने कहा कि मुख्य प्रवक्ता और प्रवक्ताओं की मदद से सरकार और लोगों के बीच बातचीत और भी सशक्त हो जाएगी. इसके साथ ही शासन से संबंधित प्रामाणिक, पारदर्शी और समय के साथ जानकारी को लोगों तक व्यवस्थित रूप से पहुंचाने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में अवैध निर्माण पर सख्ती! कई मकानों और दुकानों पर चला बुलडोजर; भारी पुलिस बल मौजूद
