दिल्ली पुलिस ने मोहन गार्डन इलाके से युगांडा की एक महिला को 70 लाख के एम्फेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया है. महिला इस ड्रग को कॉलेज के छात्रों और युवाओं को सप्लाई करती थी. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.

जैकलीन को किया गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में युगांडा की रहने वाली एक 26 साल की महिला को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार की गई महिला की पहचान जैकलन नामुलोंडो के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि महिला के पास से 117 ग्राम एम्फेटामाइन भी बरामद किया गया है. पुलिस ने महिला के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है.
70 लाख का एम्फेटामाइन बरामद
जानकारी के मुताबिक महिला के पास से बरामद किए गए सिंथेटिक ड्रग की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में लगभग 70 लाख रुपए है. पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई है. पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहन गार्डन इलाके में रहने वाले एक विदेशी महिला बड़े स्तर पर सिंथेटिक ड्रग की सप्लाई कर रही है. सूचना मिलने पर पुलिस ने गुरुवार को छापेमारी की.
बिजनेस वीजा पर भारत आई थी महिला
पुलिस ने छापेमारी के दौरान जैकलीन के पास से 117 ग्राम उच्च गुणवत्ता का एम्फेटामाइन बरामद हुआ है. पूछताछ के दौरान महिला की पहचान युगांडा के कंपाला की रहने वाली जैकलीन नामुलोंडो के रूप में हुई. जांच के मुताबिक महिला साल 2025 में तीन महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आई थी. महिला वीजा की अवधि के समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से यहां रह रही थी.
कॉलेज के युवाओं को करती थी सप्लाई
पुलिस ने दावा किया है कि वह दिल्ली में कॉलेज के छात्रों और युवाओं को इस ड्रग की सप्लाई करती थी. फिलहाल महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह पता लगा रही है कि उसके पास यह एम्फेटामाइन कहां से आता था और उसके नेटवर्क में कौन लोग शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक महिला का कोई आपराधिक रिकॉर्ड अभी तक सामने नहीं आया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला! दिल्ली सरकार में 3 प्रवक्ताओं की नियुक्ति; कहा- जनता से बढ़ेगा तालमेल
