मध्य प्रदेश के दतिया से उपचुनाव में बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया है. टिकट कटने पर उनके समर्थकों ने विरोध किया और हाईवे जाम कर दिया. अब इस घटना पर कांग्रेस ने बीजेपी और मुख्यमंत्री मोहन यादव को घेरा है.

दतिया में घमासान तेज
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बीजेपी के टिकट के बाद घमासान मचा हुआ है. अब बीजेपी के अंदर मचे घमासान पर कांग्रेस ने भी हमला शुरू कर दिया है. आपको बता दें कि दतिया से नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को दतिया से उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया है, जिसके बाद नरोत्तम के समर्थकों ने विरोध तेज कर दिया.
बीजेपी की आग से मध्य प्रदेश नहीं जलना चाहिए- कांग्रेस
विरोध प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने हाईवे जाम कर दिया और इस दौरान पथराव की घटना भी सामने आई है. इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लेकर भीड़ को हटाया. अब इस घटना को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और बीजेपी को घेरा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, गृह मंत्री मोहन यादव हाजिर हो! ये हुड़दंगी आपकी पार्टी के कार्यकर्ता हैं. बीजेपी की आग से मध्य प्रदेश नहीं जलना चाहिए.
बीजेपी सरकार पर कांग्रेस का निशाना
इस दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि सीएम मोहन यादव के पास गृह विभाग भी है, जिसके कारण कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी उनकी है. कांग्रेस ने इस मामले को बीजेपी का अंदरूनी कलह बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है. आपको बता दें कि नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. नरोत्तम के समर्थकों ने पार्टी के इस फैसले का विरोध किया है.
प्रत्याशी को कोई जानता नहीं है
नरोत्तम का कहना है कि जिसे प्रत्याशी बनाया गया है, उस व्यक्ति को क्षेत्र में कोई जानता भी नहीं है. समर्थक चाहते हैं कि नरोत्तम मिश्रा ही दतिया से चुनाव लड़ें. अब खबर यह भी सामने आई है कि नरोत्तम मिश्रा शुक्रवार रात दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं. अब राजनीतिक अटकलें और भी तेज हो गई हैं. फिलहाल दतिया की घटना को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी और मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधा है.
यह भी पढ़ें- धामी सरकार का बड़ा जनसंपर्क अभियान! जनता के बीच पहुंचे सीएम धामी; 8 दिनों में 65 हजार लोगों को लाभ
