पंजाब कांग्रेस में जारी कलह के बीच शनिवार को भूपेश बघेल और चन्नी-रंधावा गुट के बीच बैठक हुई है. इस दौरान बघेल के माध्यम से चन्नी-रंधावा ने अपने प्रस्ताव को आलाकमान के पास भेजा है. बैठक के बाद नेताओं ने मीडिया से बातचीत की है.

चन्नी-रंधावा की भूपेश बघेल से बैठक
पंजाब कांग्रेस में कलह लगातार जारी है. अंदरूनी कलह को रोकने के लिए शनिवार को भूपेश बघेल ने चन्नी-रंधावा गुट के साथ बैठक की. इस बैठक के दौरान चन्नी-रंधावा ने अपने प्रस्ताव को भूपेश बघेल के माध्यम से पार्टी आलाकमान के पास भेजा है. इस प्रस्ताव में कहा गया कि चन्नी के बिना पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनना मुमकिन नहीं है. चन्नी लोकप्रिय नेता हैं और पंजाब के लोग कंप्रोमाइज्ड लीडर को पसंद नहीं करते हैं.
बैठक के बाद रंधावा ने की बातचीत
चन्नी-रंधावा ने बिना नाम लिए अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर यह आरोप लगाया है. इस बैठक के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि बातचीत अच्छी रही है, जिसमें हमने माना कि पार्टी को कभी-कभी कुछ फैसलों को बदलना भी पड़ता है. उन्होंने कहा कि आज मौजूद लीडरशिप से हमारी मांग साफ है. हम पंजाब में कांग्रेस की सरकार चाहते हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर बात करना चाहते हैं.
समझौता करने वाले नेताओं की जरूरत नहीं- रंधावा
उन्होंने कहा कि इसको पाने के लिए पार्टी के अंदर एकता चाहिए, लेकिन हमें ऐसे नेताओं की भी जरूरत है जो हिम्मत और पक्के तौर पर अपनी बात को सामने रख सकें. उन्होंने कहा कि हमें समझौता करने वाले नेताओं की जरूरत नहीं है. बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने भी मीडिया से बात की है. उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान सभी नेताओं से बीत हुई है और उन लोगों ने अपने मुद्दे रखे हैं.
हाईकमान तक पहुंचाई जाएंगी चिंताएं- बघेल
बघेल ने कहा कि सभी नेता पार्टी आलाकमान के फैसलों से सहमत थे. उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दों पर चर्चा हुई और उन नेताओं को आश्वासन दिया गया है कि उनकी चिंताओं को हाईकमान तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी भी वरिष्ठ नेता के दबदबे से किसी नेता को प्रभावित नहीं होना चाहिए और टिकट सिर्फ चुनाव जीतने की क्षमता के आधार पर नहीं दिए जाते हैं. फिलहाल पंजाब कांग्रेस के अंदर लगातार कलह मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें- दतिया में BJP टिकट पर बवाल! कांग्रेस ने बीजेपी और सीएम मोहन को घेरा; ये आपकी पार्टी के कार्यकर्ता हैं- पटवारी
