वियतनाम में हुए बोट हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई. अब इस हादसे में खुलासा हुआ है कि सभी पर्यटक कंपनी ट्रिप पर घूमने गए थे. जान गंवाने वाले लोगों में स्मार्टफोन बनाने वाली भारतीय कंपनी के कर्मचारी और चैनल पार्टनर्स शामिल थे.

कंपनी ट्रिप पर गए थे सभी पर्यटक
वियतनाम के फू कुओक द्वीप पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक टूरिस्ट बोट समुद्र में पलट गई. जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई. अब इस मामले में खुलासा हुआ है कि सभी पर्यटक कंपनी ट्रिप पर गए थे. बताया जा रहा है कि सभी लोग एक स्मार्टफोन बनाने वाली भारतीय कंपनी के कर्मचारी और चैनल पार्टनर्स थे.
कंपनी ने किया था रिवॉर्ड ट्रिप का आयोजन
बताया जा रहा है कि कंपनी ने अपने डीलर्स और वितरकों के लिए रिवॉर्ड ट्रिप का आयोजन किया था. इस हादसे को लेकर कंपनी ने एक बयान जारी किया है. जारी बयान में कंपनी ने बताया कि जान गंवाने वालों में 14 चैनल पार्टनर्स और एक कंपनी का कर्मचारी शामिल है. बताया जा रहा है कि सभी मृतक तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरलमन के रहने वाले थे.
मृतक ने की थी परिवार से वीडियो कॉल
इस घटना पर मोबाइल कंपनी ने भी गहरा दुख जताया है. कंपनी ने कहा कि शवों को जल्द से जल्द भारत लाना और पीड़ित परिवारों की मदद करना उनकी प्राथमिकता है. इस हादसे में तमिलनाडु के रहने वाले शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद की भी मौत हुई है. उनके परिजनों ने बताया कि नाव पर सवाल होने से पहले उन्होंने अपनी पत्नी, बेटे और पोती से वीडियो कॉल पर बात की थी. उन्होंने कहा था कि वो ऐसे द्वीप पर जा रहे हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क नहीं होगा.
समुद्र की ऊंची लहरों में पलटी नाव
इस हादसे में बचे तमिलनाडु के पलानी के रहने वाले निर्मल कुमार ने बताया कि समुद्र की ऊंची लहरों और ओवरलोडिंग के कारण स्पीडबोट कुछ ही सेकंड में पलट गई. वहीं हादसे को लेकर आंध्र प्रदेश के आशीष कुमार ने बताया कि दोपहर लगभग 1.30 बजे नाव होन में रुत नगोई द्वीप से कुछ ही दूरी पर आगे बढ़ी थी और सभी लोग फोटो ले रहे थे, लेकिन इसी दौरान नाव अचानक एक तरफ झुक गई और पलट गई.
यह भी पढ़ें- ‘बाल काटकर जबरदस्ती पिलाया गोमूत्र’! शिवसेना UBT के पूर्व सांसद और बेटे के खिलाफ मामला दर्ज; बहू ने लगाए गंभीर आरोप
