शिवसेना यूबीटी के पूर्व सांसद और उनके बेटे के खिलाफ बहू ने मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है. महिला ने बताया कि काला जादू करने के लिए उनके बाल काटे गए और जबरन गोमूत्र पिलाया गया.

पूर्व सांसद और बेटे के खिलाफ केस दर्ज
महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी के पूर्व सांसद विनायक राउत और उनके पार्षद (कॉर्पोरेटर) बेटे गीतेश राउत मुश्किलों में घिरे दिखाई दे रहे हैं. ठाणे के कापूरबावड़ी पुलिस स्टेशन में विनायक राउत की बहू गिरिजा राउत ने अपने पति और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. गिरिजा राउत ने दोनों के खिलाफ शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना और जबरन काला जादू कराने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया है.
सिर के बाल काटकर पिलाया गोमूत्र
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में पीड़ित महिला गिरिजा ने ससुराल पक्ष पर शारीरिक और मानसिर रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. महिला के मुताबिक उनके साथ ससुराल में काला जादू की गतिविधियों को अंजाम देने के लिए उनके सिर के बालों को काटा गया था. उन्होंने बताया कि उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती गोमूत्र पीने के लिए भी विवश किया गया था.
2 बाबाओं का नाम भी सामने आया
पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर तत्काल प्रभाव से केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में कानूनी जांच प्रक्रिया को शुरू कर दिया है. जानकारी के मुताबिक इस मामले में काले जादू के खेल में फिरोज बाबा और काजी बाबा नाम के 2 बाहरी व्यक्ति भी संलिप्त पाए गए हैं. इन दोनों बाबाओं को भी महिला ने आरोपी बताया है. मामले में दोनों को आरोप बनाया गया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
जानकारी के मुताबिक महिला को मानसिक रूप से तोड़ने और उन्हें जबरदस्ती गोमूत्र पिलाने के लिए मजबूर किया जाता था. फिलहाल इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पूर्व सांसद और उनके बेटे के साथ दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि FIR के आधार पर सबूतों को इकट्ठा किया जा रहा है और मामले में उन्हीं के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- ‘मैं गांधी नहीं, कोई हीरो भी नहीं’…, सोनम वांगुचक लोगों से की अपील; बोले- एक दिन जरूर आएं
