जंतर-मंतर पर अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने लोगों से अपील की है कि 20 जुलाई को ससंद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रस्तावित शांतिपूर्ण मार्च में शामिल हों. उन्होंने खुद को गांधी और हीरो मानने से इनकार किया है.

जंतर-मंतर पर चल रहा अनशन
सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में जंतर-मंतर में भूख हड़ताल पर बैठे हैं. आपको बता दें कि यह प्रदर्शन 22 दिन से जारी है और 28 जून को वांगचुक इसमें शामिल हुए थे. वांगचुक के अनिश्चितकालीन अनशन को 15 दिन हो गए हैं. अब इस बीच उन्होंने खुद को आधुनिक गांधी या कोई हीरो मानने से साफ मना कर दिया है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि देश को बदलने के लिए किसी दूसरे नेता या मसीहा का इंतजार न करें.
मैं कोई हीरो नहीं- वांगचुक
उन्होंने कहा कि खुद एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे आएं. इस दौरान वांगचुक कहा कि मैं कोई हीरो नहीं बल्कि सिर्फ एक आम नागरिक हूं. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए एक वीडियो में अपना हेल्थ अपडेट दिया है. उन्होंने कहा कि आज मेरे उपवास का 13वां दिन है, कल जितना ऊर्जावान महसूस नहीं कर रहा हूं और थोड़ी थकान भी है. उन्होंने कहा कि ऐसा होता है, कुछ दिन अच्छे होते हैं और कुछ दिन नहीं.
Who is a Real Hero? #cockroachjantaparty #education pic.twitter.com/CcdLHmj1le
— Sonam Wangchuk (@Wangchuk66) July 11, 2026
मैं सिर्फ आम नागरिक हूं- वांगचुक
सोशल मीडिया पर समर्थन का आभार जताते हुए वांगचुक ने कहा कि कई लोग मुझे 21वीं सदी का गांधी या आधुनिक गांधी बोल रहे हैं, कुछ लोग मुझे हीरो बोल रहे है. उन्होंने कहा कि इन बातों से मुझे असहजता होती है. मैं न तो गांधी हूं और न ही कोई हीरो. मैं सिर्फ एक आम नागरिक हूं, जो अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की कोशिश कर रहा है. वांगचुक ने लोगों से अपील की है कि किसी दूसरे में हीरो को न ढूंढ़ें. अपनी जिंदगी के हीरो खुद ही बनें.
संसद तक शांतिपूर्ण मार्च में शामिल होने की अपील
वांगचुक ने परीक्षाओं में धांधली के कारण छात्रों की आत्महत्या पर दुख जताते हुए कहा कि अगर उन छात्रों में से कोई आपकी बहन या बेटी होता, तो आज आप हमारे साथ होते. उन्होंने कहा कि उस स्थिति का इंतजार न करें. उन्होंने कहा कि अगर आप रोज नहीं आ सकते, तो एक दिन जंतर-मंतर पर जरूर आएं. इस दौरान वांगचुक ने 20 जुलाई को ससंद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रस्तावित शांतिपूर्ण मार्च में शामिल होने के लिए भी लोगों से अपील की है.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर दान चोरी केस में बढ़ा सस्पेंस! 15 जुलाई तक SIT सौंपेगी रिपोर्ट; कई नए नाम आ सकते सामने
