UP Monsoon Session: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र अगस्त के पहले सप्ताह से शुरू होने जा रहा है. विधानसभा अध्यक्ष की मंजूरी के बाद प्रमुख सचिव प्रदीप दूबे द्वारा जारी कार्यसूची के अनुसार, यह सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक प्रस्तावित है. सत्र के दौरान योगी सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट पेश करेगी, जिसमें जनहित से जुड़ी कई नई घोषणाएं और योजनाएं शामिल हो सकती हैं.
शोक प्रस्ताव से होगी शुरुआत
सत्र के पहले दिन (3 अगस्त) को आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के दिवंगत विधायक आलमबदी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी जाएगी.
अनुपूरक बजट में हो सकती है नई घोषणाएं
विधानसभा अध्यक्ष से मंजूरी मिलने के बाद प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दूबे ने सत्र का कार्यक्रम जारी कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, अनुपूरक बजट में कुछ नई योजना व जनहित से जुड़ी नई घोषणा हो सकती है.
4 अगस्त को अनुपूरक बजट और मुख्य विधायी कार्य
चार अगस्त को दोपहर 12:20 बजे सरकार दोनों सदनों में अनुपूरक अनुदानों की मांगें (अनुपूरक बजट) प्रस्तुत करेगी। इससे पहले सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का मूल बजट पारित कर चुकी है. 5 अगस्त को विधायी कार्य निपटाए जाएंगे, जबकि 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर विस्तृत चर्चा होगी.
संभल हिंसा की रिपोर्ट और 9 नए विधेयक
इस सत्र के दौरान 24 नवंबर 2024 को संभल की शाही जामा मस्जिद सर्वेक्षण के दौरान हुई हिंसा की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी.
ये अध्यादेश भी ला चुकी है योगी सरकार
साथ ही, पिछले सत्र के बाद सरकार द्वारा जारी किए गए 9 अध्यादेशों (जैसे- उत्तर प्रदेश वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय, राजस्व संहिता संशोधन, और निजी विश्वविद्यालय संशोधन अध्यादेश) के स्थान पर प्रतिस्थानी विधेयक लाए जाएंगे। सत्र में सीएजी (CAG) की वार्षिक रिपोर्ट भी पेश की जाएगी.
ये भी पढ़ें: लखनऊ मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन का बदलेगा नाम, अब ‘जानकीपुरम स्टेशन’ के नाम से जाना जाएगा!
