लखनऊ: राजधानी लखनऊ का मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन अब माता सीता के नाम पर जानकीपुरम रेलवे स्टेशन के रूप में जाना जाएगा। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने स्टेशन के नाम परिवर्तन को लेकर राज्य सरकार और रेल मंत्रालय को पत्र भेजा है. नाम परिवर्तन के साथ स्टेशन के व्यापक विकास और सुंदरीकरण की भी योजना है। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में हाई-स्पीड वाई-फाई, ट्रेनों की सटीक जानकारी देने वाले आधुनिक डिस्प्ले बोर्ड और धूप-बारिश से बचाव के लिए बड़े एवं बेहतर प्लेटफॉर्म शेड बनाए जाएंगे.
स्टेशन का नया नाम
नया नाम: जानकीपुरम स्टेशन (माता सीता के नाम पर)
पुराना नाम: मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन
प्रस्तावक: लखनऊ उत्तर विधानसभा के विधायक डॉ. नीरज बोरा
प्रक्रिया: नाम बदलने के लिए राज्य सरकार और रेल मंत्रालय को पत्र लिखा गया है.
ट्रेनों की आवाजाही और ठहराव बढ़ाने की भी तैयारी
इसके अलावा स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही और ठहराव बढ़ाने की भी तैयारी है, जिससे सीतापुर और लखीमपुर खीरी की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए स्टेशन के आसपास की जर्जर सड़कों का भी नवीनीकरण कराया जाएगा.
विधायक डॉ. नीरज बोरा का कहना है कि स्टेशन का नाम माता सीता की नगरी जनकपुर से प्रेरित होकर जानकीपुरम स्टेशन रखा जाएगा, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी. विकास कार्यों के पूरा होने के बाद यह स्टेशन उत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशनों में शामिल हो सकता है.
भदोही का भी बदला नाम
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को भदोही जिले का नाम बदलने का ऐलान किया था. भदोही जिला फिर से संत रविदास नगर नाम से जाना जाएगा. बता दें कि पहले भी भदोही जिले का नाम संत रविदास नगर था. बाद में इसे भदोही कर दिया गया था. अब एक बार फिर से सीएम योगी ने भदोही का नाम बदलकर संत रविदास नगर कर दिया है.
ये भी पढ़ें: बांकीपुर में सुबह से मतदान जारी! प्रशांत किशोर, बीजेपी और आरजेडी में मुकाबला, वोटिंग के बीच फर्जी मतदान का विवाद
