UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में आज 30 जुलाई 2026 को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा, जिसके कारण पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने आज 30 जुलाई के लिए पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटे भारी हैं. अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. उत्तर प्रदेश में आज जबरदस्त बारिश होने वाली है. इसके साथ ही आंधी भी आएगी. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है?
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभागों में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश और तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है. वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी आशंका है. मौसम विभाग ने सहारनपुर, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इन जनपदों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के संभागों में 30 जुलाई को कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है. इसके अलावा कुछ जगहों पर भारी बरसात भी हो सकती है. सहारनपुर, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और शामली में येलो अलर्ट जारी किया गया है. येलो अलर्ट का मतलब है कि मौसम में बदलाव के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
पूर्वी यूपी में बारिश
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मानसून का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने बताया है कि यहां कुछ स्थानों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. हालांकि पूर्वी यूपी के लिए फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
तापमान और उमस
आज प्रदेश में अधिकतम तापमान की बात करें तो 33°C से 34°C के आसपास रहेगा. लखनऊ में अधिकतम तापमान 34°C रहने का अनुमान है. रात का तापमान 28°C से 29°C के बीच दर्ज किया जा सकता है. हवा में नमी की मात्रा 70% से 86% तक रहेगी, जिससे बारिश न होने के समय तेज उमस महसूस हो सकती है.
मौसम विभाग की जरूरी सलाह
बारिश के मौसम को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खेतों में काम करने वाले किसान मौसम की जानकारी लेते रहें और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें. साथ ही कृषि कार्य मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही करें. मौसम विभाग के अलर्ट के बाद आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है. तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और जलभराव वाले इलाकों में जाने से परहेज करें. बिजली चमकने के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतें.
ये भी पढ़ें: ‘गृह मंत्री को सब पता था फिर भी कार्रवाई नहीं हुई’, जंतर-मंतर प्रोटेस्ट पर राहुल गांधी ने अमित शाह को घेरा
