Baghpat Accident: यूपी के बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया.
पिकअप से टकराई कार
ये सड़क हादसा ट्योढ़ी गांव के पास उस समय हुआ, जब हरियाणा के मुरथल से पार्टी कर लौट रही एक सेंट्रो कार सड़क किनारे खड़ी केलों से भरी पिकअप में पीछे से जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक बुरी तरह फंस गए.
दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे में लोनी निवासी रिहान और इरशाद की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कार में सवार साहिल, सागर, नईम और राजा गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया. चिकित्सकों ने तीन घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर दिल्ली रेफर कर दिया, जबकि एक घायल का उपचार जारी है.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है. घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
ये भी पढ़ें: UP Monsoon Session 2026: 3 अगस्त से शुरू होगा यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र, 4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट!
