Uttarakhand ka Mausam: उत्तराखंड में आज भी झमाझम बारिश जारी रहने वाली है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई है. मौसम के मिजाज को देखते हुए अगले कुछ दिनों तक लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. विशेष रूप से पर्वतीय जिलों में मौसम का असर अधिक रहने की आशंका है. लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पढ़िए आपके जिले का वेदर अपडेट…
उत्तराखंड का मौसम आज कैसा रहेगा?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 अगस्त 2026 को लेकर प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदियों और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन (Landslide) का जोखिम काफी बढ़ गया है.
4 जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 10 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चम्पावत जिलों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. इन क्षेत्रों में तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ बारिश के अति तीव्र दौर आ सकते हैं. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बारिश और भूस्खलन से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त
पहाड़ी इलाकों में जारी बारिश और भूस्खलन से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है. मलबा गिरने से बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे राज्य के 1400 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो चुकी है. प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बारिश और भूस्खलन की वजह से ऊर्जा निगम/बिजली विभाग को करीब 5.5 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है. राष्ट्रीय राजमार्गों समेत दर्जनों संपर्क सड़कें मलबे से पट गई हैं, जिन्हें दुरुस्त करने के लिए जेसीबी और राहत दल दिन-रात जुटे हुए हैं.
11 से 15 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल
11 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों में कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी रहेगी. 12 अगस्त को देहरादून, टिहरी और बागेश्वर में मूसलाधार बारिश के आसार हैं, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं. 13 से 15 अगस्त के बीच में राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और तेज बौछारों का दौर जारी रहेगा.
