Uttarakhand-Rain:पौड़ी जिले के लैंसडौन क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव में मंगलवार को भूस्खलन के कारण दो मंजिला मकान ढह गया. मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई. एसडीआरएफ (SDRF), पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मुस्तैदी से रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में दबे तीनों शवों को बाहर निकाला.घटना की भयावहता को देखते हुए पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया खुद 3 किलोमीटर का बेहद दुर्गम और पैदल रास्ता तय कर मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया.
सीएम के निर्देश पर 14 लाख की तत्काल राहत सहायता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और भवन क्षति व मृतकों के मुआवजे के तौर पर कुल ₹14 लाख की राहत राशि दी गई.डीएम ने कहा कि हमारी टीम अलर्ट मोड पर है. मार्ग खोलने के काम किए जा रहे हैं. सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है.
डीएम ने मौके पर पहुंचकर दी मदद
घटना की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे से तीन शव बरामद किए. पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर घटनास्थल पर पहुंचीं. उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और 14 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि सूचना के बाद तत्काल प्रशासन मौके पर पहुंच गया. कई जगह रोड ब्लॉक थी उसके बाद भी हमारी टीम यहां पहुंची. उन्होंने बताया कि मृतकों में बच्चा और एक महिला और पुरुष शामिल है. पशु हानि की भी समीक्षा की जा रही है. हमने परिवार से मुलाकात की है. डीएम ने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त बिजली की लाइनों, पेयजल आपूर्ति और बंद पड़े संपर्क मार्गों को युद्धस्तर पर तुरंत बहाल करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
बिजली-पानी और संपर्क मार्ग जल्द बहाल करने के निर्देश
भूस्खलन और भारी बारिश से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हुई हैं. डीएम ने क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों, पेयजल आपूर्ति और बंद पड़े संपर्क मार्गों को युद्धस्तर पर बहाल करने के निर्देश दिए हैं.
देहरादून में भी बारिश का सिलसिला जारी
राजधानी देहरादून में भी बारिश का सिलसिला जारी है. कई इलाकों में हल्के मध्यम बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है. शहर के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है. प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश का पूर्वानुमान है.
