Somali Pirates Hijack Ship: इस लेख में जानिए सोमालियाई डाकुओं द्वारा तुर्किए के सैन्य हथियारों से भरे जहाज ‘M/V LUTUF’ को हाईजैक करने, 6 भारतीयों को बंधक बनाने और उसके बाद हुए हवाई हमले की पूरी कहानी.

Somali Pirates Hijack Ship: समुद्र में समुद्री डाकुओं का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है. सोमालिया के पंटलैंड तट के पास लुटेरों ने हथियारों से भरे एक बड़े मालवाहक जहाज को अपने कब्जे में ले लिया है. इस जहाज पर तुर्किए की सेना के लिए हथियार, सैटेलाइट और संचार के कई आधुनिक सामान लदे हुए थे. सबसे चिंता की बात यह है कि इस जहाज पर कुल 10 क्रू मेंबर्स सवार हैं, जिनमें 6 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. लुटेरे अब इस जहाज को पंटलैंड के नुगाल तट की ओर ले गए हैं.
ईस्ट अफ्रीका के तट पर हुआ कब्जा
कैमरून के झंडे वाला यह मालवाहक जहाज ‘M/V LUTUF’ पोलर मूवमेंट शिपिंग कंपनी का है. सोमालिया के एक स्थानीय अधिकारी के अनुसार, सोमवार को पंटलैंड के ईल जिले में मर्राया तट से करीब साढ़े तीन समुद्री मील दूर लुटेरों ने इसे घेर लिया. जहाज पर मौजूद सारे हथियार और उपकरण मोगादिशु स्थित तुर्की के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर के लिए ले जाए जा रहे थे. संवेदनशील मामला होने के कारण अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर यह जानकारी साझा की है.
बंधक बनाए गए क्रू में 6 भारतीय
इस जहाज पर कुल 10 लोग सवार थे, जिन्हें लुटेरों ने बंधक बना लिया है. इनमें 6 भारतीय नागरिक, 1 तुर्किए का नागरिक, 1 जॉर्जियाई नागरिक और 2 सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल हैं. फिलहाल इन सभी क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और हालत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. इस घटना के बाद से तुर्की के अधिकारियों की तरफ से भी अभी तक कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं आई है.
पुराने गिरोह पर ही जताया जा रहा शक
सोमाली अधिकारी के मुताबिक, इस पूरी घटना को करीब 8 समुद्री लुटेरों ने अंजाम दिया है. आशंका जताई जा रही है कि यह वही गिरोह है जिसने बीते 26 अप्रैल को ‘M/V Sward’ नामक जहाज का अपहरण किया था. लुटेरे इस जहाज को डांगोरोयो जिले में गरमाल तट की ओर ले गए हैं. घटना की खबर मिलते ही तुर्किए के दो जहाज, हेलिकॉप्टर और ड्रोन उस इलाके में निगरानी के लिए पहुंच गए हैं.
नशीला पदार्थ पहुंचाने के बाद हुआ हमला
मंगलवार को एक छोटी नाव में सवार दो लोग इस हाईजैक किए गए जहाज के पास पहुंचे थे. अधिकारी के अनुसार, इन लोगों ने जहाज पर मौजूद लुटेरों को ‘खाट’ (Khat) पहुंचाया, जो सोमालिया में चबाया जाने वाला एक मशहूर उत्तेजक और नशीला पदार्थ है. नाव के तट पर वापस लौटते ही उस इलाके में अचानक एक बड़ा हवाई हमला हुआ. इस हमले में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
कई सवालों के जवाब मिलना अभी बाकी
इस हवाई हमले को किसने अंजाम दिया और मारे गए लोगों का लुटेरों से क्या संबंध था, यह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो सका है. जहाज पर मौजूद भारतीय क्रू मेंबर्स, सुरक्षा गार्ड्स और सैन्य सामान की मौजूदा स्थिति क्या है, इसकी भी कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है. अंतरराष्ट्रीय मीडिया एजेंसियां भी अभी इस मामले के हर पहलू की पुष्टि करने में जुटी हैं. फिलहाल पूरे मामले पर सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी नजर बनी हुई है.
