Lucknow Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को झकझोर कर रख देने वाले चर्चित दिव्या मिश्रा हत्याकांड में एक नया मोड़ आ गया है. इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जिसने हत्या के उस खौफनाक मंजर की परतें उधेड़ कर रख दी हैं. इस सीसीटीवी फुटेज में मुख्य आरोपी मानस की बेरहम करतूत साफ तौर पर देखी जा सकती है.
दहशत में भागे बैंक कर्मी, मची अफरा-तफरी
सामने आए सीसीटीवी फुटेज की तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी मानस पहले से ही घात लगाए खड़ा था. जैसे ही ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा वहां पहुंचती है, मानस गेट के पास ही उस पर बंदूक (पिस्तौल) की बट से अचानक हमला कर देता है. जिसके बाद अपनी जान बचाने के लिए दिव्या पीछे की ओर भागने लगती है, लेकिन आरोपी मानस के सिर पर खून सवार था. वह भी बंदूक लहराते हुए दिव्या के पीछे-पीछे दौड़ पड़ता है. जिस समय इस वारदात को अंजाम दिया जा रहा था, उस वक्त बैंक परिसर में भी हड़कंप मच गया. गेट पर शोर-शराबा और हिंसा देखकर बैंक के अंदर मौजूद कर्मचारी और लोग बदहवास होकर बाहर की तरफ भागते हुए फुटेज में नजर आ रहे हैं. हर तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, जब तक लोग कुछ समझ पाते या दिव्या को बचाने की हिम्मत जुटा पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
मौके से हुआ फरार
आरोपी मानस ने बिना किसी खौफ के दिव्या को निशाना बनाया और उसकी निर्मम हत्या कर दी.वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि मानस अपनी पत्नी दिव्या को बैंक के अंदर जाने से रोकता है. उसके बाद उसको खींच कर ले जाता है और फिर उसे मौत के घाट उतार देता है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि दिव्या अपनी कार में थीं, तभी उनके पति मानस ने उन्हें बाहर बुलाया और गोली मार दी. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया. एक चश्मदीद का कहना है कि मानस एक ऑटो में आया था. वारदात के बाद वह व्यक्ति ऑटो से ही वहां से भागा. उसने बताया कि ऑटो के पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी.
अब तक क्या-क्या सामने आया?
दरअसल, 12 साल पहले मानस और दिव्या की शादी हुई थी. दोनों के बीच कथित तौर पर कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था. मानस ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस में दावा किया था कि दिव्या ने उसे धोखा दिया, इसलिए उसने उसे मार डाला. जबकि, यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दिव्या अपने पति के मानसिक व्यवहार की वजह से उससे अलग रह रही थी. प्रज्ञा के मुताबिक, मानस के पास दो हथियार थे. पुलिस की मानें तो मानस अपनी पत्नी की हत्या करने के कुछ ही मिनटों में घर लौट आया और बाद में अपनी बहन और खुद को गोली मारने से पहले एक वॉट्सऐप स्टेटस पोस्ट किया.
मानस ने अपनी 28 वर्षीय बहन तूलिका को भी मौत के घाट उतार दिया. बताया जा रहा है कि तूलिका मानसिक रूप से कमजोर थी. उसके बाद तूलिका की देखरेख करने वाला कोई नहीं थी. यही वजह थी कि उसने तूलिका को मार डाला. इस खौफनाक वारदात के बाद मानस का पूरा परिवार खत्म हो गया.
