Mumbai Bank Locker Theft: इस खबर में जानिए मुंबई के कांदिवली में एक प्राइवेट बैंक के लॉकर से NRI का 82 लाख रुपये का सोना चुराने और उसे गिरवी रखने वाले डिप्टी मैनेजर की गिरफ्तारी का पूरा सच.

Mumbai Bank Locker Theft: मुंबई के कांदिवली इलाके में एक प्राइवेट बैंक के लॉकर से करीब 82 लाख रुपये का सोना गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित एक एनआरआई (NRI) हैं जो लंबे समय से दुबई में रह रहे हैं. इस चोरी का खुलासा तब हुआ जब उन्होंने बैंक आकर अपना लॉकर खोला. कांदिवली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैंक के डिप्टी ब्रांच मैनेजर कुलदीप साहनी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर धोखेबाजी और आपराधिक विश्वासघात का केस दर्ज किया गया है.
दो साल बाद खुला चोरी का राज
पीड़ित बुजुर्ग की उम्र 72 साल है और वे पिछले 50 सालों से अपने परिवार के साथ दुबई में रहते हैं. मार्च 2024 में उन्होंने मुंबई के कांदिवली स्थित बैंक लॉकर में करीब 610 ग्राम सोने के गहने रखे थे. उस समय इन गहनों की बाजार कीमत करीब 82 लाख रुपये थी. विदेश में रहने के कारण वे लंबे समय तक बैंक नहीं आ पाए. हाल ही में जब वे मुंबई आए और लॉकर चेक किया, तो अंदर का सारा सोना गायब था.
पुलिस के सामने सीसीटीवी की बड़ी चुनौती
जब बैंक प्रबंधन से कोई साफ जवाब नहीं मिला, तो बुजुर्ग ने 12 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी. घटना दो साल पुरानी होने के कारण सबसे बड़ी चुनौती पुरानी सीसीटीवी फुटेज पाना था. इसके बाद पुलिस ने बैंक के एंट्री रजिस्टर और लॉकर से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल शुरू की.
बैंक के डिप्टी मैनेजर पर गहराया शक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बुजुर्ग को लॉकर देने और उसकी देखरेख का जिम्मा डिप्टी मैनेजर कुलदीप साहनी के पास ही था. शक के आधार पर पुलिस ने साहनी के निजी बैंक खातों के वित्तीय लेनदेन खंगालने शुरू किए. जांच में डीसीपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में बड़ा खुलासा हुआ. आरोपी के खाते से पिछले दो सालों में करीब 9 करोड़ रुपये का भारी-भरकम लेनदेन हुआ था.
गहने गिरवी रखकर लिया गया लोन
बैंक खातों की जांच में सामने आया कि आरोपी का लेनदेन उन कंपनियों के साथ था जो सोने के बदले लोन देती हैं. पुलिस ने उन प्राइवेट गोल्ड लोन कंपनियों से संपर्क किया और वहां गिरवी रखे गए गहनों की तस्वीरें मंगवाईं. जब बुजुर्ग को वे तस्वीरें दिखाई गईं, तो उन्होंने तुरंत अपने गहनों को पहचान लिया. आरोपी ने लॉकर से सोना चुराकर उसे लोन फर्मों के पास गिरवी रख दिया था.
चार दिन में आरोपी गिरफ्तार और सोना बरामद
कांदिवली पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के महज चार दिनों के भीतर पूरे मामले को सुलझा लिया. पुलिस ने गिरवी रखा गया सारा सोना बरामद कर लिया और आरोपी डिप्टी मैनेजर कुलदीप साहनी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी ठगी में बैंक का कोई और कर्मचारी भी शामिल था या नहीं.
