बरेली में एक युवक का शव प्रेम विवाह के बाद कमरे में पंखे से लटका मिला. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू के दी है.
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक हैरान दर्दनाक घटना सामने आयी है. बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र के नवदिया में 28 साल के एक व्यक्ति का शव घर में फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान फैजान के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक फैजान ने करीब एक महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था. निकाह के बाद वह अपनी पत्नी जास्मीन के साथ परिवार से अलग रह रहा था.
पंखे से लटका मिला शव
इस घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पत्नी जास्मीन के मुताबिक शनिवार रात फैजान ने खाना खाया और इसके बाद दोनों सो गए. रात में ऐसी कोई बात नहीं हुई, जिससे उसे अंदाजा हो कि फैजान इतना बड़ा कदम उठा सकते हैं. पत्नी ने बताया कि जब उसकी आंख खुली तो उसने फैजान को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका देखा. जिसके बाद उसने तुरंत मायके और ससुराल के लोगों को घटना की जानकारी दी.
प्रेम विवाह के बाद परिवार से दूरी
इस मामले में परिजनों की सूचना पर सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची. कमरे की जांच करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा गया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अब युवक की मौत के पीछे की वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जास्मीन ने बताया कि दोनों ने करीब एक महीने पहले प्रेम विवाह किया था. निकाह के बाद से ही दोनों अलग रह रहे थे.
परिजनों ने लगाए आरोप
पत्नी का कहना है कि प्रेम विवाह से फैजान के परिवार के लोग खुश नहीं थे और उन्होंने संबंध रखने से भी मना कर दिया था. परिवार से दूरी बनने के कारण फैजान काफी तनाव में था. जास्मीन ने इसी तनाव को फैजान की आत्महत्या की वजह बताया है. हालांकि परिजनों ने युवक के शव के सिर से खून निकलने की बात कही है और गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस के मुताबिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई.
