अखिलेश यादव पर तंज कसते ओमप्रकाश राजभर ने हुए कहा कि 2027 में सरकार बनाने वाला सपना पूरा नहीं होगा. उन्होंने दावा किया कि हार की आशंका को लेकर अखिलेश यादव परेशान हैं. जल्द ही अखिलेश पाकिस्तान भाग जायेंगे.
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर बड़ा निशाना साधा है. चित्रकूट में दौरे पर पहुंचे ओपी राजभर पार्टी के कार्यक्रम में शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया. कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्ष और समाजवादी पार्टी पर तीखे बयान दिए.
सपना नहीं होगा पूरा- राजभर
आपको बता दें कि इस दौरान ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 2027 में सरकार बनाने का उनका सपना पूरा नहीं होने वाला है. राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करते हैं. उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और आगामी चुनाव में NDA के पक्ष में जनादेश आएगा. राजभर ने सीट बंटवारे के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव पर हमला बोला.
NDA में शामिल होना चाहते अखिलेश- राजभर
इस दौरान राजभर ने दावा किया कि 2027 के चुनाव में हार की आशंका को लेकर अखिलेश यादव काफी परेशान हैं और NDA में शामिल होने की इच्छा रखते हैं. हालांकि इन दावों पर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. राजभर ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में एनडीए मजबूत स्थिति में है और आने वाले विधानसभा चुनाव में गठबंधन बेहतर प्रदर्शन करेगा. आपको बता दें कि उनके बयान के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के संकेत दिखाई दे रहे हैं.
पाकिस्तान भाग जाएंगे अखिलेश
आपको बता दें कि इससे पहले ओम प्रकाश राजभर ने SP के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर भी तंज कसा. इस दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जल्द ही पाकिस्तान भाग जाएंगे. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव न तो शिक्षा की बात करते हैं और न ही पिछड़े वर्गों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की, और न ही स्वास्थ्य सेवा, शांति या सद्भाव की बात करते हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आप देखेंगे कि अखिलेश यादव खुद पाकिस्तान भाग जाएंगे.
