UP Rain Alert: अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है और कब एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होगा?
UP weather update:उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 24 अगस्त को राज्य के पूर्वी हिस्सों और बुंदेलखंड क्षेत्र में कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय लो-प्रेशर एरिया का असर झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। इसके चलते वातावरण में नमी बढ़ गई है और घने बादल लगातार सक्रिय बने हुए हैं.
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मध्य और तराई क्षेत्रों में भी बरसेंगे बादल
लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बस्ती, गोंडा, बहराइच और गोरखपुर समेत मध्य एवं तराई के जिलों में भी रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा दर्ज की जा सकती है.
पश्चिमी यूपी में अपेक्षाकृत शांत रहेगा मौसम
पूर्वी उत्तर प्रदेश में जहां बारिश का असर ज्यादा रहेगा, वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रह सकता है. मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा जैसे जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है. हालांकि उमस लोगों को परेशान कर सकती है.
27 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती हैं. 24 से 27 अगस्त के बीच कई जिलों में लगातार वर्षा होने की संभावना जताई गई है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 29 अगस्त के दौरान केवल छिटपुट स्थानों पर ही बारिश के आसार हैं.
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. आकाशीय बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने और यात्रा से पहले मौसम व ट्रैफिक की जानकारी लेने को कहा गया है.
