भारत के साथ ही नेपाल में भी चीनी की कीमतें आसमान छू रही हैं. नेपाल में चीनी के दाम लगभग 140 से 150 नेपाली रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं. अब इतनी महंगाई के बाद ऐसे में नेपाली लोग चीनी खरीदने यूपी पहुंच रहे हैं. इससे उन्हें 30-40 रूपये की बचत हो रही है.
भारत में चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, आपको बता दें इसी के साथ पड़ोसी देश नेपाल में चीनी महँगी हो गई है. नेपाल में चीनी भारत से ज्यादा महंगी हो चुकी है. जहां भारत में चीनी करीब 65 से 70 रुपये किलो बिक रही है, तो वहीं नेपाल के कई बाजारों में इसका दाम 140 से 150 नेपाली रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुका है. इसी कारण अब नेपाल के लोग सीमा पार करके उत्तर प्रदेश के बाजारों से चीनी खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं.
30-40 रूपये की हो रही बचत
यूपी के लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा बॉर्डर से लगी बनगवा मंडी में दुकानदारों ने बताया कि नेपाल में चीनी का रेट काफी बढ़ गया है. यहां बाजार में लोग खरीदने आ रहे हैं. अभी यहां करीब 100 से 105 नेपाली रुपये किलो के हिसाब से पड़ रही है, जबकि नेपाल में 140-150 रुपये तक बिक रही है’. अब कीमतों के इस अंतर का सीधा फायदा नेपाल से आने वाले ग्राहकों को मिल रहा है. एक किलो चीनी पर 30 से 40 नेपाली रुपये तक की बचत हो रही है.
नेपाली महिलाओं ने बताई वजह
नेपाल की रहने वाली एक महिला ग्राहक ने बताया कि नेपाल में चीनी महंगी है. भारत से खरीदने पर सस्ती पड़ती है, इसलिए हम लोग यहां से ले जाते हैं. नेपाल के उपभोक्ताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच जहां कुछ रुपये की बचत भी मायने रखती है, वहीं चीनी जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीज में यह अंतर काफी बड़ा है. इसी तरह नेपाल की एक अन्य महिला ग्राहक का भी कहना है कि नेपाल में रेट ज्यादा है और यहां से लेने पर पैसा बच जाता है, इसलिए खरीदने आते हैं.
