पटना में छात्र संगठनों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई है. TRE-4 में निगेटिव मार्किंग हटाने और एकल परीक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. पुलिस ने इस दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया. इस दौरान कई लोग घायल भी हुए हैं.
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को कई छात्र संगठनों के प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ है. अलग-अलग मांगों को लेकर सड़क पर उतरे छात्रों ने लोकभवन मार्च का ऐलान किया था. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पटना में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. जानकारी के मुताबिक कई प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी. जिसके बाद भी डाकबंगला चौराहे पर छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई. छात्रों ने जब पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें पीछे खदेड़ दिया.
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
बताया जा रहा है कि छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए डाकबंगला चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. आंदोलन को नियंत्रित करने के लिए इस बार यहां पहली बार भारी लोहे की चादरों से बैरिकेडिंग की गई थी. इसके बाद भी प्रदर्शनकारी छात्र आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे. बैरिकेडिंग टूटने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया.
लगातार प्रदर्शन कर रहे छात्र
आपको बता दें कि छात्र संगठन अपनी कई मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं. इनमें TRE-4 परीक्षा से जुड़ी मांगें प्रमुख हैं. छात्र TRE-4 में निगेटिव मार्किंग हटाने और परीक्षा को एकल चरण में कराने की मांग कर रहे हैं. इसके अलावा छात्र संगठनों की ओर से एक अभ्यर्थी-एक परिणाम की मांग भी उठाई जा रही है.
सरकार ने की थी आंदोलन समाप्त करने की पहल
हालांकि छात्रों के आंदोलन को समाप्त कराने के लिए राज्य सरकार ने सोमवार को बातचीत की पहल की थी. सरकार के निर्देश के बाद शिक्षा सचिव के साथ पटना के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सक्रिय हुए. जिसके बाद छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं. इन बैठकों में छात्रों के विभिन्न मुद्दों पर 2 से 3 घंटे तक चर्चा भी हुई थी.
एक ही चरण में परीक्षा की नहीं बनी सहमति
जानकारी के मुताबिक बैठक के दौरान कई मांगों और मुद्दों पर छात्र संगठनों और प्रशासन के बीच सहमति बनने की बात सामने आई, लेकिन TRE-4 में निगेटिव मार्किंग हटाने और परीक्षा को एक ही चरण में कराने की मांग पर सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद छात्र संगठनों ने मंगलवार को पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार सड़क पर उतरने का फैसला किया.
प्रदर्शनकारियों के लोकभवन मार्च को देखते हुए पटना पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी. इस दौरान डाकबंगला चौराहा प्रदर्शन का प्रमुख केंद्र बना रहा. यहां पुलिस और छात्रों के बीच काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही. छात्रों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया.
