मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम पर उपद्रवियों ने छत से पथराव कर दिया. इस घटना में JCB का शीशा टूट गया. इसके साथ ही वहां से गुजरने वाले करीब आधा दर्जन राहगीर भी घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची इसके बाद स्थिति को सामान्य किया गया.
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दर्दनाक घटना हुई है. जिले के साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर उपद्रवियों और स्थानीय दुकानदारों ने पथराव कर दिया. जानकारी के मुताबिक़ केशव चौक के पास विपणन केंद्र की छत से अचानक ईंट-पत्थर बरसाए जाने से बाजार में अफरातफरी मच गई. इस हमले में बुलडोजर (JCB) का शीशा और हेडलाइट भी टूट गई, इसके साथ ही आधा दर्जन राहगीर चोटिल हो गए. कार्रवाई करने पहुंची प्रशासनिक टीम ने भागकर अपनी जान बचाई और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) मो. फिरोज बाल-बाल बच गए.
एक सप्ताह पहले दिया था नोटिस
जानकारी के मुताबिक़ जिला प्रशासन और साहेबगंज नगर परिषद की ओर से क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था. इसके लिए दुकानदारों को एक सप्ताह पहले ही नोटिस जारी किया गया था और सूचना देकर सड़क व सार्वजनिक स्थानों से कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद सख्ती देखते हुए कई दुकानदारों ने ख़ुद ही कब्जा हटा लिया था, लेकिन कुछ दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण न हटाने पर टीम ने नवल किशोर चौक से कार्रवाई शुरू की.
विपणन केंद्र की छत से पथराव
आपको बता दे कि अभियान के तहत टीम ने नवल किशोर चौक से लेकर ब्रजनंदन चौक, बस स्टैंड, गांधी चौक, गोला रोड, अस्पताल रोड, ब्लॉक गेट, केशव चौक और इंद्रदेव चौक तक सड़क किनारे और नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया. इसी दौरान केशव चौक पहुंचते ही विपणन केंद्र की छत से टीम पर पथराव शुरू हो गया.
पुलिस पहुँचते ही भागे उपद्रवी
टीम पर हुए पथराव की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँच गया, यह स्थिति देखते ही उपद्रवी वहां से फरार हो गए. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उपद्रवियों ने पथराव किया, जिससे JCB का शीशा और हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई. उन्होंने कहा कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और कार्रवाई के लिए साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है.
