दिल्ली के द्वारका इलाके में पड़ोसियों के बीच झगड़ा को शांत कराने के लिए पहुँचे युवक की जांच चली गई. नशे की हालत में झगड़ा कर रहे व्यक्ति ने तीसरी मंजिल से सिलिंडर नीचे फेंका जो साहिल नामक युवक के सिर पर जा लगा. घटना के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुँचे लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
राजधानी दिल्ली के द्वारका में पड़ोसियों के बीच हो रहा झगड़ा शांत कराने की कोशिश एक युवक को जान देकर चुकानी पड़ी. द्वारका स्थित बिंदापुर एक्सटेंशन इलाके में शुक्रवार शाम नशे में धुत एक व्यक्ति ने गुस्से में अपने घर की तीसरी मंजिल से गैस सिलिंडर नीचे फेंक दिया, जो सीधे नीचे खड़े 28 वर्षीय साहिल उर्फ जोजो के सिर पर जा लगा. इसके बाद साहिल को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
नशे की हालत में फेंका गैस सिलेंडर
परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम गली में दो पड़ोसियों के बीच कहासुनी हो रही थी. इसी दौरान साहिल उर्फ जोजो बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने के इरादे से वहां पहुंचा था. आरोप है कि झगड़ा कर रहा शख्स नशे की हालत में थाऔर कुछ देर बाद वह अपने घर की तीसरी मंजिल पर गया और वहां से नीचे गैस सिलिंडर फेंक दिया.
डॉक्टर ने किया मृत घोषित
तीसरे मंच से फेंका गया सिलिंडर सीधे साहिल के सिर पर लगा और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद परिजन उसे तुरंत दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के चाचा बाबूलाल ने बताया कि शाम करीब छह बजे उन्हें भाई के फोन से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे ऑफिस बंद कर अस्पताल पहुंचे.
घर की अकेले कमाने वाले शख्स था मृतक
साहिल के मामा अशोक ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के वक्त साहिल अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था. इसी दौरान अचानक फोन पर चीख-पुकार मच गई और उसकी मां घबराकर मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि सिर पर गैस सिलिंडर गिरने से साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया है. परिवार के मुताबिक, साहिल घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और साप्ताहिक बाजार में कॉस्मेटिक की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था.
