बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में खेत से धान काटकर घर लौट रहे किसान पर बदमाशों ने बांका-गंडासे से हमला कर दिया. इस दौरान पीड़ित के नाक-कान कट गए. पुलिस ने तहरीर के बाद पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है. घायल व्यक्ति का निजी अस्पताल में इलाज जारी है.
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान पर जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई है. यहां के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में खेत से धान काटकर घर लौट रहे 33 वर्षीय किसान रविंद्र को रास्ते में घेरकर पांच लोगों ने बांका और गंडासे से हमला कर दिया. जानकारी के मुताबिक इस हमले में रविंद्र की नाक और कान कट गए, वहीं सिर, माथे और चेहरे पर भी धारदार हथियारों से गंभीर चोटें आईं. घायल किसान को पहले नवाबगंज सीएचसी और जिला अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद हालत नाजुक होने पर डेलापीर स्थित चंद्रकांती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
गांव के लोगों पर आरोप
जानकारी के मुताबिक कल्याणपुर गांव निवासी भारत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई रविंद्र खेत से धान काटकर घर लौट रहा था. इस दौरान रास्ते में गांव के ही देवेंद्र, सूरजपाल, मुखिया, विनोद और रवि पहले से बांका और गंडासे लेकर मौजूद थे. उन्होंने रविंद्र को अकेला देखकर उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला.
चीख सुनकर पहुंचे परिजन
भारत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविंद्र की चीख सुनकर पिता नत्थूलाल और भाई आकाश मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख हमलावर रविंद्र को मरा समझकर भाग निकले. इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल रविंद्र को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज और फिर जिला अस्पताल ले गए, हालांकि हालत चिंताजनक बने रहने पर उसे डेलापीर स्थित चंद्रकांती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस पूरी घटना के बाद भाई भारत सिंह ने हाफिजगंज थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. हाफिजगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा.
