बरेली में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से शादी कर ली. जानकारी के मुताबिक युवती ने प्यार में अपना धर्म परिवर्तन भी कर लिया. अब यह मामला चर्चा की विषय बना हुआ है. दोनों की शादी के बाद दस्तावेज़ भी प्रस्तुत किए गए हैं.
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदलने के बाद एक युवती ने धर्म परिवर्तन और शादी कर ली. आंवला थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी नरगिस ने सनातन धर्म अपनाकर अपना नाम इच्छा देवी रख लिया और गांव के ही आकाश कश्यप के साथ शादी कर ली. जानकारी के मुताबिक सुभाषनगर के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में शादी की रस्में संपन्न हुईं. युवती का कहना है कि उसने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाया है
इंस्टाग्राम पर हुई मुलाक़ात
जानकारी के मुताबिक, महमूदपुर निवासी नरगिस और इसी गांव के आकाश कश्यप की पहचान करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी. बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गयीं और युवती ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे आकाश ने स्वीकार कर लिया. इंटरमीडिएट तक पढ़ी युवती और हाईस्कूल तक पढ़े आकाश के बीच परिवार के विरोध की बात भी सामने आई. पहले युवती के आकाश के साथ दिल्ली जाने पर परिजनों के हंगामे के बाद उसे वापस भेजा गया था, लेकिन युवती का दावा है कि वह अपनी मर्जी से दोबारा लौट आई.
गायत्री मंत्र का किया पाठ
जानकारी के मुताबिक शादी से पहले मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम के महंत आचार्य पंडित केके शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुद्धिकरण की प्रक्रिया भी पूरी कराई. इस दौरान युवती ने गंगाजल और गौमूत्र से आचमन किया और तीन बार गायत्री मंत्र का पाठ किया. युवती ने कहा कि वह पिछले चार-पांच साल से हिंदू धर्म में आस्था रखती है, अपनी मर्जी से सनातन धर्म अपनाया है.
दस्तावेज भी प्रस्तुत किए
आपको बता दें कि दोनों ने बालिग होने, धर्म परिवर्तन और विवाह से जुड़े शपथ-पत्र के साथ ही शैक्षणिक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं. उपलब्ध हाईस्कूल मार्कशीट के मुताबिक, युवती की जन्मतिथि 11 जुलाई 2008 और आकाश की जन्मतिथि 7 जुलाई 2001 बताई गई है. साथ ही 25 नवंबर को नोटरी शपथ-पत्र बनवाने और 27 नवंबर 2026 को आर्य समाज, फतेहगंज पश्चिमी में विवाह होने का प्रमाण-पत्र दिखाने की बात भी सामने आई है.
अब इस मामले के बाद आकाश का कहना है कि युवती के परिवार वालों से उन्हें जान का खतरा है, जिसके चलते दोनों फिलहाल गांव में नहीं रह रहे हैं और दिल्ली में रहने की बात कह रहे हैं. वहीं इच्छा देवी ने बताया कि आकाश के परिजनों ने उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है.
