MPLADS 5 crore per MP: परिसीमन के तहत लोकसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी होने पर 270 नए सांसद जुड़ने का अनुमान है, जिससे वेतन, भत्तों, आवास, दफ्तर और MPLADS फंड पर अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा. इसके साथ ही करीब 2,000 संभावित नए विधायकों और राज्यों के बजट पर भी असर पड़ने की चर्चा है.

MPLADS 5 crore per MP: केंद्र सरकार ने परिसीमन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसके तहत राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसी मुद्दे पर 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है. लेकिन सांसदों की गिनती बढ़ने का असर सिर्फ सदन में बैठने की जगह तक नहीं रहेगा. हर नए सांसद के साथ वेतन, भत्ते, दफ्तर, स्टाफ, मकान, यात्रा और दूसरी सुविधाओं का खर्च भी जुड़ेगा. ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि सीटों में इजाफे से सरकारी खजाने पर कितना अतिरिक्त बोझ आ सकता है.
270 नए सांसदों का अनुमानित हिसाब
अगर अभी के 545 सांसदों की संख्या बढ़कर 815 हो जाती है, तो करीब 270 नए सांसद जुड़ेंगे. यह लगभग 50 फीसदी की बढ़ोतरी मानी जाएगी और इसी आधार पर खर्च का अनुमान लगाया गया है. अप्रैल में आए परिसीमन विधेयक में राज्यों की विधानसभा सीटों पर भी असर पड़ने की बात कही गई थी. हालांकि विधानसभा की पक्की संख्या अभी तय नहीं है, लेकिन अनुमान है कि सीटें 4,123 से बढ़कर करीब 6,185 या 6,186 तक पहुंच सकती हैं.
हर महीने करोड़ों में जाएगा वेतन और भत्ता
1 अप्रैल 2023 से लागू दरों के हिसाब से एक सांसद को हर महीने 1 लाख 24 हजार रुपये वेतन मिलता है. इसके साथ 87 हजार रुपये निर्वाचन क्षेत्र भत्ता और 75 हजार रुपये कार्यालय खर्च भत्ता भी दिया जाता है. यानी तीनों को जोड़ें तो एक सांसद पर हर महीने 2 लाख 86 हजार रुपये का खर्च आता है. 270 नए सांसदों के हिसाब से यह रकम हर महीने करीब 7.72 करोड़ रुपये और सालाना लगभग 92.66 करोड़ रुपये बैठती है. यह सिर्फ वेतन और इन दो भत्तों का शुरुआती हिसाब है.
सत्र भत्ता, आवास और दफ्तर की जरूरतें
संसद सत्र या ड्यूटी के तय दिनों में सांसदों को 2,500 रुपये प्रतिदिन की दर से दैनिक भत्ता मिलता है. उदाहरण के लिए, अगर 270 नए सांसदों को साल में 60-60 दिन यह भत्ता मिले, तो यह करीब 4.05 करोड़ रुपये होगा. इसके अलावा दिल्ली में 270 नए सांसदों के लिए घर या फ्लैट, फर्नीचर, रखरखाव और दूसरी सुविधाओं का इंतजाम भी करना होगा. दफ्तर, स्टाफ, सुरक्षा, रिकॉर्ड और संसद सचिवालय से जुड़ी जरूरतों का खर्च भी बढ़ेगा, जिसका आकलन अलग से करना होगा.
MPLADS फंड और चुनाव का खर्च
MPLADS योजना के तहत सांसद को क्षेत्र के विकास के लिए सालाना 5 करोड़ रुपये तक मिलते हैं. अगर यह व्यवस्था जारी रही, तो 270 नए सांसदों पर सालाना 1,350 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान बन सकता है, हालांकि यह पैसा सांसद की निजी कमाई नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए होता है. चुनाव कराने में ईवीएम, वीवीपैट और कर्मचारियों का खर्च मतदाताओं पर ज्यादा निर्भर करता है, इसलिए वह उतना नहीं बढ़ेगा, लेकिन कागजी और रिकॉर्ड से जुड़ा कामकाज बढ़ सकता है.
परिसीमन आयोग, बजट और राज्यों का बोझ
परिसीमन बिल के समय सरकार ने बताया था कि प्रस्तावित आयोग के कुल खर्च का सटीक आंकड़ा अभी बताना संभव नहीं है. आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के वेतन-भत्ते भारत की संचित निधि से आएंगे, जबकि चुनाव आयोग भी अपने हिस्से के खर्च उठाएगा. मौजूदा बजट में संसद के दोनों सदनों के लिए 1,492 करोड़ रुपये और लोकसभा के लिए 1,009 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जो आगे बढ़ सकते हैं. साथ ही करीब 2,000 संभावित नए विधायकों के वेतन और भत्तों का बोझ अलग-अलग राज्यों के अपने कानूनों और बजट के हिसाब से तय होगा.
