South parties delimitation bill: दक्षिण भारत के राज्यों की सीटों का अनुपात सुरक्षित रखने के संभावित फॉर्मूले के बाद बीआरएस और डीएमके के सुर नरम पड़ते दिख रहे हैं, जिससे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को लेकर समीकरण बदल सकते हैं. लोकसभा और राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने के लिए सरकार क्षेत्रीय दलों के समर्थन पर नजर रखे हुए है.

South parties delimitation bill: मोदी सरकार ने 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है. अप्रैल में दक्षिण भारत के दलों के विरोध के कारण परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो पाया था. अब सात महीने बाद केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी वाले संविधान संशोधन बिल को मंजूरी दी है. रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने दक्षिण के राज्यों की नाराजगी दूर करने के लिए सीटों का अनुपात सुरक्षित रखने का नया फॉर्मूला निकाला है. इसके बाद केसीआर की पार्टी बीआरएस और डीएमके जैसे दलों के तेवर नरम पड़ते दिख रहे हैं.
बीआरएस की 24 फीसदी हिस्सेदारी वाली शर्त
बीआरएस नेता रावुल श्रीधर रेड्डी के अनुसार उनकी पार्टी परिसीमन के खिलाफ नहीं है, लेकिन दक्षिण के राज्यों के हितों की रक्षा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि 1971 की जनगणना को आधार मानकर लोकसभा में दक्षिणी राज्यों की मौजूदा 24 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार रखी जाए. रेड्डी का मानना है कि दक्षिण के राज्यों ने देश की अर्थव्यवस्था और जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा काम किया है, इसलिए उनकी सीटें घटाकर उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए. नए प्रस्ताव के हिसाब से तेलंगाना की 17 सीटें बढ़कर 25 और तमिलनाडु की 39 सीटें बढ़कर 60 हो सकती हैं.
स्टालिन का रुख और डीएमके के संकेत
दक्षिण की राजनीति में पहले इस बिल का कड़ा विरोध करने वाली डीएमके के सुर भी बदलते दिख रहे हैं. पार्टी नेताओं ने संकेत दिए हैं कि अगर नए बिल में राज्यों की चिंताओं और उनके अनुपात का ध्यान रखा गया है, तो मसौदा देखने के बाद समर्थन पर विचार हो सकता है. उधर डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने भी साफ कहा है कि वे अपनी बात पर कायम हैं और लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. माना जा रहा है कि सरकार इस हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने के रास्ते पर काम कर रही है.
क्या है सरकार का नया फॉर्मूला
तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल जैसे राज्यों को डर था कि 2026 की जनगणना से सीटें तय होने पर उत्तर भारत का दबदबा बढ़ जाएगा. खबरों के मुताबिक अब सरकार कुल सीटों में करीब 50 फीसदी बढ़ोतरी यानी लगभग 815 से 850 सीटें करने के साथ मौजूदा अनुपात बचाए रखने का भरोसा दे रही है. साथ ही सीटों का परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर करने की बात सामने आई है, ताकि किसी राज्य को नुकसान न हो.
टीडीपी और जेडीएस पहले से एनडीए के साथ
दक्षिण के दो बड़े दल टीडीपी और जेडीएस पहले से ही केंद्र सरकार के साथ खड़े हैं. कर्नाटक की जेडीएस और आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी के साथ पवन कल्याण की जनसेना भी एनडीए का हिस्सा हैं. अप्रैल में जब सरकार यह बिल लाई थी, तब भी इन दलों ने समर्थन किया था. अब बीआरएस और डीएमके के सकारात्मक संकेतों से सरकार की उम्मीदें और बढ़ गई हैं.
लोकसभा और राज्यसभा में बहुमत का गणित
संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत यानी 360 वोट चाहिए. एनडीए के पास अभी 319 सांसद हैं और उसे 41 वोटों की और जरूरत है. वहीं राज्यसभा के 243 सदस्यों में दो-तिहाई के लिए 162 वोट चाहिए, जबकि एनडीए के पास 151 सांसद हैं और वह 11 वोट पीछे है. राजनीतिक गलियारों की चर्चा के मुताबिक टीएमसी के 20 बागी सांसदों और शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के पाला बदलने के साथ डीएमके के 22, शरद पवार गुट के 8, वाईएसआर कांग्रेस और बीआरएस के साथ आने से सरकार दोनों सदनों में जरूरी आंकड़ा जुटा सकती है.
