विजिलेंस की टीम ने कटिहार में छापेमारी की है. यहां ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के घर टीम एक साथ पहुंची. इस दौरान जमीन से जुड़े कई दस्तावेज और डीड बरामद हुए हैं. जांच में मिले दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति का आकलन किया जा रहा है.
बिहार के कटिहार में निगरानी विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. यहां ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के ठिकानों पर विजिंलेस की टीम ने एक साथ छापेमारी की. जानकारी के मुताबिक़ कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत गौशाला चौक स्थित उनके किराए के मकान में करीब छह घंटे तक जांच चली. छापेमारी के दौरान इंजीनियर अजीत कुमार दास खुद मकान में मौजूद थे.
छापेमारी के दौरान कई डीड बरामद
जानकारी के मुताबिक अजीत कुमार दास मूल रूप से भागलपुर जिले के नौगछिया स्थित श्रीगांव के रहने वाले हैं. वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सासाराम में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के पद पर है. वह कटिहार में गौशाला चौक के समीप मकान में किराए पर रहते हैं. जानकारी के मुताबिक़ विजिलेंस की टीम इसी मकान में जांच करने पहुंची थी. छापेमारी के दौरान निगरानी अधिकारियों को जमीन से संबंधित कई डीड और अन्य कागजात मिले हैं. विजिलेंस डीएसपी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद दस्तावेजों को मूल्यांकन के लिए भेजा जा रहा है. जमीन की कीमत और संपत्ति के वास्तविक मूल्य का आकलन होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
आय से अधिक संपत्ति का मामला
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे निगरानी विभाग के सीनियर डीएसपी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा है. टीम में कुल छह सदस्य शामिल थे. उन्होंने कहा कि मकान से मिले जमीन के दस्तावेजों के अलावा अन्य सामानों की भी जांच की जा रही है. अनुसंधान पूरा होने के बाद बरामदगी और संपत्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी शेयर की जाएगी.
किया जा रहा संपत्ति का आकलन
जानकारी के मुताबिक़ फिलहाल विजिलेंस की जांच में मिले दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति का आकलन किया जा रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इंजीनियर की कुल संपत्ति कितनी है और उनकी ज्ञात आय के मुकाबले यह कितनी अधिक है. इसका खुलासा निगरानी विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही होगा.
