उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले सरगर्मियां फिर तेज हो गई है. लखनऊ में समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र विमोचन के कार्यक्रम के दौरान आजम ख़ान को खास तवज्जो मिला. कार्यक्रम के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी गाड़ी से उन्हें एयरपोर्ट तक छोड़ा.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच अब एक बार चर्चा फिर तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान एक बार फिर सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गए हैं. गुरुवार को लखनऊ में पार्टी के चुनावी घोषणापत्र के विमोचन कार्यक्रम में आजम खान को विशेष तरजीह दी गई. कार्यक्रम और रात्रिभोज के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद अपनी गाड़ी से उन्हें एयरपोर्ट तक छोड़ा, जिसके गहरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं.
जेल के बाद हुई पहली मुलाक़ात
आपको बता दे कि जेल से बाहर आने के बाद आजम खान और अखिलेश यादव की यह पहली मुलाकात थी, जिसमें दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी साफ नजर आई. पार्टी के भीतर मौजूदा दौर में शायद ही कोई अन्य नेता हो, जिसे विदा करने के लिए सपा प्रमुख खुद एयरपोर्ट तक जाएं. अब अखिलेश यादव के इस कदम से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी आजम खान को एक बेहद अहम भूमिका देने जा रही है.
अखिलेश से पहले बोले आजम खान
बताया जा रहा है कि घोषणापत्र जारी होने के दौरान भी आजम खान को खासी अहमियत मिली और अखिलेश यादव के संबोधन से ठीक पहले उन्हें मंच पर बोलने के लिए पर्याप्त समय दिया गया. भाषण के दौरान उन्होंने खुद पर हुई ज्यादतियों का दर्द बयां किया. उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ अपने पांच दशक पुराने आत्मीय रिश्तों को भी याद किया.
ओवैसी और चंद्रशेखर पर किया हमला
कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते हुए आजम खान ने बिना किसी का नाम लिए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की सियासी मंशा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का मकसद सरकार बनाना नहीं, बल्कि केवल दूसरों का खेल बिगाड़ना है. उन्होंने आगे कहा कि हिंदू-मुसलमान संघर्ष से जनता अब तंग आ चुकी है और चाहे कितने ही बड़े दावे किए जाएं, सच्चाई लोगों के दिलों में उतर चुकी है.
