UP IPS transfer list: उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिनमें मोहित अग्रवाल को प्रयागराज, लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद, जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर और किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है.

UP IPS transfer list: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है. शुक्रवार को 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी हुए हैं. इस बदलाव में कई बड़े शहरों के पुलिस कमिश्नर, एडीजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी स्तर के अफसरों की जिम्मेदारी बदली गई है. मोहित अग्रवाल को वाराणसी से प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज से हटाकर लखनऊ में एडीजी स्थापना भेजा गया है. इसके साथ ही लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद और जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है.
चार कमिश्नरेट के बदले कप्तान, किरण एस. को वाराणसी
कमिश्नरेट वाले जिलों में इस बार काफी अहम बदलाव किए गए हैं. 1997 बैच के आईपीएस मोहित अग्रवाल अब वाराणसी के बजाय प्रयागराज के पुलिस आयुक्त होंगे. प्रयागराज के कमिश्नर रहे पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, लखनऊ की कमान मिली है. गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है, जबकि गाजियाबाद के कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. वहीं लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है.
जोन और रेंज स्तर पर भी बड़ा फेरबदल
सरकार ने जोन और रेंज स्तर के अफसरों के कामकाज में भी बदलाव किया है. बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा अब लखनऊ जोन के नए एडीजी होंगे, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है. रेंज स्तर पर अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र और सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र मिला है. इसके अलावा आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र और तकनीकी सेवाएं मुख्यालय के डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का नया डीआईजी बनाया गया है.
अयोध्या-मुरादाबाद के एसएसपी और डीसीपी के तबादले
जिलों के कप्तानों में अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है. वहीं मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अब अयोध्या के नए एसएसपी होंगे. कमिश्नरेट के उपायुक्तों में कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज और प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है. गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को एसपी डीजीपी मुख्यालय लखनऊ, प्रीति यादव को सेनानायक 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा और आकाश तोमर को एसपी पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है.
पुराने तबादले रद्द कर नई तैनाती
शासन ने 2020 बैच के तीन अधिकारियों के पहले हुए ट्रांसफर रद्द करके नई तैनाती दी है. इनमें पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद, नीतू को अपर पुलिस उपायुक्त लखनऊ और अमित कुमावत को अपर पुलिस उपायुक्त आगरा बनाया गया है.
पीएसी सेनानायकों और अन्य पदों पर तैनाती
पीएसी में तैनात सेनानायकों में भी बदलाव हुआ है. नरेंद्र कुमार सिंह को एसपी पीटीसी सीतापुर और डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को एसपी कारागार प्रशासन लखनऊ बनाया गया है. इसके अलावा त्रिभुवन सिंह को एसपी जीआरपी मुख्यालय लखनऊ, राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी अभिसूचना मुख्यालय, सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीएस गोरखपुर और अजीत कुमार सिन्हा को एसपी पावर कॉर्पोरेशन लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है.
