तेलंगाना के खम्मम जिले मे सड़क पर अचानक बिल्ली आ जाने के कारण बड़ा हादसा हो गया. बिल्ली सामने आने पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए जिससे ऑटो पलट गया. ऑटो पलटने से उसमें सवार 10 महिला मजदूर घायल हो गईं.
तेलंगाना के खन्नम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. इस घटना में 10 महिला मजदूर घायल हो गईं. घटना के बाद घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 3 महिला मजदूरों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है. ये हादसा जिले के वेमसुर मंडल के एर्रागुंटापाडु के बाहरी इलाके में हुआ.
आगे आ गई बिल्ली
इस घटना के पीछे का कारण बिल्ली को बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार वेम्सूर के अंबेडकर नगर की 10 महिला मजदूर रायदुपालेम और कल्लरूगुडेम के बाहरी इलाके में स्थित खेतों में मिर्च के पौधे लगाने के लिए एक ऑटो में निकलीं, लेकिन जैसे ही वे एर्रागुंटापाडु के बाहरी इलाके में पहुंचीं तो इस दौरान अचानक एक बिल्ली उनके रास्ते में आ गई. जिसके बाद चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, लेकिन ऑटो पलट गया.
3 महिलाएं गंभीर घायल
अचानक ब्रेक लगाने से ऑटो पलट गया और इस दौरान ऑटो में सवार सभी 10 महिला मजदूर घायल हो गईं. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को सथुपल्ली सरकारी अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद, गंभीर हालत वाली तीन महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए तुरंत खम्मम अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक बिल्ली के रास्ते में आ जाने के कारण ही गंभीर दुर्घटना हुई.
वहीं इस घटना के बाद फिर से लोगों का विश्वास बड़े-बुजुर्गों की इस बात पर बढ़ गया है कि कहीं जाते समय बिल्ली का रास्ता काटना या दिखना अशुभ होता है. फिलहाल घायल महिला मजदूरों का इलाज किया जा रहा है.
