नोएडा के आयुष शुक्ला हत्याकांड के बाद अब विवाद खड़ा हो गया है. सदमे में आयुष की मां ने न्याय की मांग की है. उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर होने तक बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. पुलिस पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-24 थाना के चौड़ा गांव से सामने आए 14 साल के आयुष शुक्ला हत्याकांड ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. बेटे की मौत के बाद मृतक आयुष की मां का बुरा हाल है और परिवार सदमे में है. वहीं आयुष की मां ने आरोपियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए साफ कहा है कि जब तक असद का एनकाउंटर नहीं होगा तब तक वह अपने इकलौते बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेगी. परिवार के मुताबिक आयुष को जन्मदिन की पार्टी में ले जाने के बहाने घर से बुलाया गया था.
पार्टी के बहाने बुलाया था
शुरुआती जांच के मुताबिक आयुष को उसके परिचित नाबालिगों ने पार्टी के बहाने बुलाया था, जिसके बाद में उसे पार्क की तरफ ले जाया गया जहां विवाद हुआ और उसकी बाद उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक शव को छुपाने के लिए उसे जंगल में फेंक दिया गया था. बेटे की मौत से टूट चुकी आयुष की मां ने कहा कि उनका बेटा घर से यह कह कर निकाला था कि वह दोस्तों के साथ जा रहा है.
कार्रवाई से पहले नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
मृतक की मां का कहना है कि इकलौते बेटे के साथ बेहद बेरहमी की गई और अब परिवार सिर्फ न्याय चाहता है. उनकी मांग है कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य आरोपी असद के खिलाफ उनकी मांग के मुताबिक कार्रवाई नहीं होती है, तब तक वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आयुष और आरोपी एक दूसरे को जानते थे. बताया जा रहा है कि असद ने ही आयुष को जन्मदिन की पार्टी में जाने की बात कह कर घर से बाहर बुलाया गया था. इसके बाद की पूरी तस्वीर पुलिस पूछताछ और जांच के जरिए सामने लाने में जुटी है.
3 नाबालिग पकड़ चुकी पुलिस
इस पूरे मामले में सवाल हत्या की असली वजह को लेकर है. जानकारी के मुताबिक शुरुआती जांच में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस ने अभी इसे हत्या की मुख्य वजह नहीं माना है. पुलिस यह पता लगा रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और हत्या पहले से संयोजित थी या अचानक हुई. आपको बता दें कि पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन नाबालिग को पकड़ा है.
नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पार्टी के दौरान खर्च हुए पैसे के लेनदेन को लेकर हत्या की वजह सामने आई है, लेकिन अभी पूछताछ जारी है. परिवार वालों से बातचीत की जा रही है जिससे वह अंतिम संस्कार कर सकें. फिलहाल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
