अमेठी में GNM की लास्ट ईयर की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भी दिया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां नर्सिंग की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक मुंशीगंज थाना क्षेत्र में मौजूद इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के हॉस्टल में GNM अंतिम वर्ष की छात्रा का शव उसके कमरे से बरामद हुआ. घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
हॉस्टल के कमरे में मिला फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के सईदुल्लापुर गांव की रहने वाली 21 साल की दीप्ति यादव के रूप में की गई है. मृतका इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग में GNM अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और कॉलेज के हॉस्टल में रहती थी. पुलिस के मुताबिक छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी कॉलेज प्रशासन की ओर से पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
सुबह के समय परिवार से हुई थी बात
परिजनों के मुताबिक घटना वाले दिन सुबह लगभग 11 बजे उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी. उस समय दीप्ति ने परिवार को बताया था कि उसकी परीक्षा होने वाली है और वह घर नहीं आ पाएगी. परिजनों का कहना है कि फोन पर बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य लग रहा था. फोन पर बात करने के कुछ समय बाद छात्रा की मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
दीप्ति की मौत के बाद उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि उनके मौके पर पहुँचने से पहले ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है.
