Financial Deadlines 31 August 2026: 31 अगस्त 2026 को LPG e-KYC, ITR फाइलिंग और ओल्ड टैक्स रिजीम चुनने जैसी 4 महत्वपूर्ण वित्तीय प्रक्रियाओं की अंतिम तिथि खत्म हो रही है.

Financial Deadlines 31 August 2026: अगस्त का महीना खत्म होने में अब महज दो दिन का समय बचा है. 1 सितंबर 2026 से देश में कई नए वित्तीय नियम लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम नागरिक की जेब पर पड़ेगा. अगर आपने अपने कुछ जरूरी काम 31 अगस्त तक पूरे नहीं किए तो आपको भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है. साथ ही आपकी कई महत्वपूर्ण सेवाएं भी ठप हो सकती हैं. एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से लेकर इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने तक कई बड़े कामों की अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई है. समय रहते इन कामों को निपटाना बेहद जरूरी है.
बिजनेस और ऑडिट वाले टैक्सपेयर्स के लिए आईटीआर फाइल करने की अंतिम तारीख
अगर आप कोई बिजनेस चलाते हैं, फ्रीलांसिंग करते हैं या फिर शेयर बाजार में बड़े पैमाने पर ट्रेडिंग करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. ITR-3, ITR-4, ITR-5 और ITR-7 भरने वाले टैक्सपेयर्स के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है. जिन लोगों ने 31 जुलाई तक ITR-1 या ITR-2 नहीं भरा था, वे भी अब लेट फीस के साथ अपना बिलेटेड रिटर्न दाखिल कर सकते हैं. तय समय पर रिटर्न दाखिल न करने पर इनकम टैक्स विभाग की ओर से पेनल्टी और नोटिस का सामना करना पड़ सकता है.
ओल्ड टैक्स रिजीम चुनने का आखरी मौका, दाखिल करना होगा फॉर्म 10-IEA
जिन टैक्सपेयर्स को पुराने टैक्स स्लैब (Old Tax Regime) के तहत टैक्स बचाना है, उनके पास भी निर्णय लेने के लिए 31 अगस्त तक का ही समय बचा है. अगर आप बिजनेस इंकम वाले कैटेगरी में आते हैं और पुरानी टैक्स व्यवस्था के तहत छूट पाना चाहते हैं, तो आपको आईटीआर भरते समय Form 10-IEA जरूर फाइल करना होगा. 1 सितंबर के बाद आप ओल्ड टैक्स रिजीम का चुनाव नहीं कर पाएंगे और आपका रिटर्न नई टैक्स व्यवस्था के तहत ही प्रोसेस किया जाएगा. इसलिए समय रहते अपना टैक्स प्लान चुन लें.
एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी अनिवार्य, वरना बंद होगी गैस सिलेंडर बुकिंग
रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए 31 अगस्त बेहद अहम तारीख है. अगर आपने अपने एलपीजी गैस कनेक्शन की e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है, तो 1 सितंबर से आपके एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग रोकी जा सकती है. इसके अलावा केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी रोक दिया जाएगा. ग्राहक अपनी नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर या फिर मोबाइल ऐप की मदद से आज ही अपनी ई-केवाईसी पूरी कर लें ताकि रसोई का बजट न बिगड़े.
एनआरआई डिपॉजिटर्स के लिए आरबीआई की स्पेशल विंडो होगी बंद
आरबीआई (RBI) ने अप्रवासी भारतीयों (NRI) के लिए FCNR(B) स्पेशल फॉरेक्स स्वैप फैसिलिटी की डेडलाइन में बड़ा बदलाव किया है. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने पहले इस स्पेशल विंडो की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 तय की थी. हालांकि अब इसे घटाकर 31 अगस्त 2026 कर दिया गया है. FCNR(B) डिपॉजिटर्स और विदेशी मुद्रा में निवेश करने वाले खाताधारकों के लिए यह एक बेहद जरूरी कंप्लायंस है. अगर आपने अभी तक इस प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है तो 31 अगस्त से पहले अपने बैंक से संपर्क कर इस काम को निपटा लें.
समय रहते निपटाएं काम, नहीं तो झेलना पड़ेगा भारी वित्तीय नुकसान
महीने के आखिरी दिनों में सरकारी और बैंकिंग पोर्टल्स पर ट्रैफिक अचानक काफी बढ़ जाता है. इसके चलते सर्वर डाउन होने और वेबसाइट स्लो होने जैसी तकनीकी दिक्कतें आने लगती हैं. अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना इन सभी चार वित्तीय कार्यों को तुरंत निपटा लेना समझदारी होगी. 1 सितंबर से नियमों में होने वाले बदलावों से बचने के लिए आज ही अपने दस्तावेज तैयार करें और ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से अपनी सभी पेंडिंग प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करें.
