Abhishek Banerjee Kolkata Office Attack: कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर हुए हमले और तोड़फोड़ के बाद ममता बनर्जी ने बीजेपी को चेतावनी देते हुए दिल्ली में उनके नेताओं के घर घेरने का ऐलान किया है.

Abhishek Banerjee Kolkata Office Attack: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर हमला हुआ है. इस घटना के बाद से पूरी पार्टी के अंदर भारी आक्रोश देखा जा रहा है. दफ्तर में हुई भारी तोड़फोड़ के बाद तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी खुद मैदान में उतर आई हैं. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सीधा निशाना साधा है. ममता ने साफ चेतावनी दी है कि अगर यह सब नहीं रुका तो उनकी पार्टी दिल्ली में भाजपा नेताओं के घरों का घेराव करेगी.
फेसबुक लाइव में साधा सीधा निशाना
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर करीब 29 मिनट तक अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उपद्रवियों ने कोलकाता पुलिस को धोखे में रखकर पार्टी दफ्तर में घुसपैठ की. हमलावर वहां से कई जरूरी दस्तावेज और कीमती सामान लूट ले गए. इसके अलावा वहां मौजूद चार कर्मचारियों को बंधक बनाकर प्रताड़ित भी किया गया. उन्होंने कहा कि अगर राज्य की राजधानी का यह हाल है, तो दूर-दराज के इलाकों में सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.
दिल्ली में धरने की सख्त चेतावनी
दफ्तर में हुई तोड़फोड़ की कड़ी निंदा करते हुए ममता बनर्जी ने केंद्र के नेताओं को सख्त संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस इस गुंडागर्दी को चुपचाप सहन नहीं करेगी. अगर पार्टी नेताओं और दफ्तरों को निशाना बनाना बंद नहीं किया गया, तो टीएमसी कार्यकर्ता सीधे नई दिल्ली पहुंचेंगे. वहां भाजपा के बड़े नेताओं के सरकारी आवासों का घेराव किया जाएगा और उनके दरवाजे पर धरना दिया जाएगा.
पुलिस अधिकारियों को डायरी वाली चेतावनी
ममता बनर्जी ने इस पूरी घटना में स्थानीय पुलिस की ढिलाई पर भी गहरी नाराजगी जताई है. उन्होंने शेक्सपीयर सरणी थाने और राज्य के कुछ अन्य पुलिस स्टेशनों की भूमिका पर सवाल खड़े किए. ममता ने कहा कि वे इन सभी पुलिस वालों की हरकतों को अपनी निजी डायरी में नोट कर रही हैं. वक्त आने पर हर लापरवाह अफसर से इसका जवाब मांगा जाएगा. इस बयान के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.
महुआ मोइत्रा का दिल्ली से बड़ा खुलासा
दूसरी ओर, राजधानी दिल्ली में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और सौगत रॉय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरी घटना का ब्योरा दिया. महुआ ने बताया कि सुबह तड़के करीब 4:30 बजे उपद्रवी छठवें और सातवें माले का कांच का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे. उन्होंने दफ्तर में तैनात गार्ड्स के मोबाइल छीन लिए और उनका सिर फोड़ने की धमकी दी. सिर्फ आधे-एक घंटे के भीतर पूरे दफ्तर को तहस-नहस कर दिया गया.
लूटपाट और पुलिस की ढिलाई पर सवाल
महुआ मोइत्रा के मुताबिक, हमलावर कंप्यूटर, फैक्स मशीन, प्रिंटर, टीवी स्क्रीन, एयर प्यूरीफायर और लैपटॉप तक लूटकर ले गए. उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की तुरंत जानकारी देने के बाद भी दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. बाद में जब पार्टी के वकील थाने गए, तब जाकर पुलिस सक्रिय हुई. हालांकि पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लेने की बात कही है, लेकिन टीएमसी नेताओं को इस कार्रवाई पर पूरा भरोसा नहीं है.
