ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी मॉल में मौजूद KFC से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां ग्राहक को दिए गए चिकन मील में मरा कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है. मील में कीड़ा निकलने पर ग्राहक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया.
उत्तर प्रदेश ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में मौजूद गौर सिटी मॉल के KFC स्टोर में खाने को लेकर गंभीर आरोप सामने आया है. यहां आये एक ग्राहक ने दावा किया है कि उसे परोसे गए चिकन मील में मरा हुआ कीड़ा मिला. खाने में कीड़ा मिलने का ग्राहक ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाया. वीडियो बनाने के बाद ग्राहक ने बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
खाना खाते हुए पड़ी नजर
पीड़ित ग्राहक के मुताबिक वह गौर सिटी मॉल स्थित KFC स्टोर में गया था. वहां पहुंचकर उसने चिकन मील ऑर्डर किया था. खाना लेकर जब वह उसे खाने लगा, इसी दौरान उसकी नजर मील के अंदर मौजूद एक मरे हुए कीड़े पर पड़ी. कीड़ा देखते ही ग्राहक ने खाना खाना बंद कर दिया और पूरे मामले का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया.
काउंटर पर पहुंचा व्यक्ति
ग्राहक ने आरोप लगाया कि खाने में मरा हुआ कीड़ा मिलने के बाद उसने तुरंत KFC के काउंटर पर पहुंचकर कर्मचारियों से शिकायत की. उसने खाने को दिखाते हुए इस मामले में जवाब मांगा. ग्राहक ने बताया कि जिस खाने के लिए पैसे दिए गए, उसमें इस तरह की लापरवाही गंभीर मामला है और खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर भी सवाल खड़े करती है.
लापरवाही का हो सकता मामला
इस घटना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल खाने की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर उठने लगा है. किसी भी रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसे जाने वाले भोजन की साफ-सफाई और गुणवत्ता बेहद महत्वपूर्ण होती है. ऐसे में अगर ग्राहक का दावा सही पाया जाता है तो यह गंभीर लापरवाही का मामला हो सकता है.
