फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस के ASI की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी से घर लौट रहे थे, इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने नौशहरा-लोहका रोड पर उन्हें निशाना बनाया. घटना के बाद उनकी मौके पर मौत हो गई.
पंजाब के फिरोजपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. यहां काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात ASI इकबाल सिंह की देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक वह ड्यूटी खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नौशहरा-लोहका रोड पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
मौके पर हो गई मौत
जानकारी केमुताबिक इकबाल सिंह तरनतारन के रहने वाले थे और फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात थे. रविवार शाम करीब 7:30 बजे वह ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल से घर के लिए निकले थे. बताया जा रहा है कि जब वह नौशहरा से लोहका रोड पर स्थित पटवारखाने के पास पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां लगने से इकबाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. डीएसपी पट्टी रवि शेर सिंह ने बताया कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है और मामले से जुड़े सबूत एकत्र किए जा रहे हैं. पुलिस वारदात के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है.
आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
आपको बता दें कि फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस आसपास के इलाकों और वारदात के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात की वजह सामने आएगी.
