मेरठ में कार चालक ने गली में खेल रहे बच्चों के टक्कर मार दी. घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने कार को रुकवाया और बच्चों को बाहर निकाला. घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. भावनपुर थाना क्षेत्र के शिवशक्ति विहार में गली में खेल रहे दो मासूम बच्चों को एक कार चालक ने टक्कर मार दी. जानकारी के मुताबिक चालक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटता ले गया. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर कार रुकवाई. इसके बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया. बताया जा रहा है कि हादसे में छह वर्षीय माही गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके साथ खेल रहा विवान भी चोटिल हुआ है.
सीसीटीवी फुटेज से सामने आई घटना
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला भावनपुर थाना क्षेत्र के शिवशक्ति विहार का है. यहां गली में खेल रहे बच्चों को एक कार चालक ने टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद चालक ने उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटा. घटना का सीसीटीवी फुटेज जब सामने आया, तो मामला चर्चा में आ गया. वीडियो में बच्चों के साथ हुए हादसे को लेकर लोगों में आक्रोश है. घटना शिवशक्ति विहार की एक गली की बताई जा रही है.
20 मीटर तक घसीटा
माही की मां वर्षा के मुताबिक उनकी बेटी LKG में पढ़ती है. दोपहर के समय वह पड़ोस में रहने वाले UKG के छात्र विवान के साथ गली में खेल रही थी. इसी दौरान एक कार दोनों बच्चों की चपेट में आ गई. परिजनों का आरोप है कि कार बच्चों को करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई.
अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद माही बेहोश हो गई थी. उसकी कमर, पीठ, हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं. उसकी आंख पर भी चोट लगने की बात कही गई है. परिवार के लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. परिजनों का कहना है कि वे पहले हापुड़ अड्डे के पास स्थित एक अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां इलाज नहीं मिलने पर माही को गढ़ रोड स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया.
