पीलीभीत में रामलीला कमेटी की बैठक के दौरान ख़ून संघर्ष हो गया. यहाँ बैठक के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद गोलीबारी हो गई. इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, वहीं चौथे घायल का इलाज जारी है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक हैरान कर देने वाले घटना सामने आई है. यहाँ तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक़ रामलीला कमेटी के भीतर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. अमरिया कस्बे में मेले के आयोजन और पिछले साल के खर्च का हिसाब मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई. बराया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए. इस दौरान घायलों में कुणाल, अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता की मौत हो गई. चौथे घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
तैयारियों को लेकर बुलायी गई थी बैठक
आपको बात दें कि सोमवार देर शाम अमरिया कस्बे में आगामी रामलीला मेले की तैयारियों और इसके आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए बैठक बुलाई गई थी. बैठक में कमेटी के सदस्यों के बीच पिछले मेले का हिसाब मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया. शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
बरेली में हुई युवक की मौत
घटना में फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अमरिया अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने 19 वर्षीय कुणाल और अंकित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया. वहीं, मोहित गुप्ता की हालत गंभीर थी. उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया. हालांकि, बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान मोहित ने भी दम तोड़ दिया. घटना में घायल चौथे व्यक्ति का अस्पताल में उपचार जारी है. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बाल को तैनात किया गया है.
हिरासत में लिया मुख्य आरोपी
गोलीबारी की सूचना मिलते ही एएसपी हिमांशु गौरव समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है.
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि घटना के मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता को हिरासत में लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद किस बात पर बढ़ा और फायरिंग में किन लोगों की भूमिका थी.
