पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoK) में विस्फोट होने से चार लोगों की मौत हो गई. इस घटना के बाद भारतीय सीमा पर भी सुरक्षा एजेंसियों अलर्ट हो गई है. घटना में अभी तक फ़िलहाल कोई आतंकी सामने नहीं आया है.
जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के उस पार बारूदी सुरंग जैसे विस्फोटक की चपेट में आने से पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoK) के चार लोगों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक़ यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे से 5:30 बजे की है. बताया जा था है कि यह घटना PoK के हजीरा तहसील के महंदहाला गांव में हुई. घटना के बाद नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है. घटना को लेकर बताया जा रहा है कि चारों लोग कृषि भूमि में पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे थे. इसी दौरान वे जमीन में मौजूद विस्फोटक सामग्री की चपेट में आ गए. धमाका इतना गंभीर था कि चारों की मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि यह घटना PoK के पुंछ जिले की जिस महंदहाला गांव में हुई, वह बट्टल-मंधोल यूनियन काउंसिल के अंतर्गत आता है. यह इलाका भारतीय क्षेत्र के पुंछ सेक्टर में कृष्णा घाटी के सामने नियंत्रण रेखा के दूसरी तरफ स्थित है.
कोई पुष्ट जानकारी नहीं आई सामने
घटना के बाद मिली जानकारी के मुताबिक़ मृतकों में फैजान सगीर नाम के एक व्यक्ति का भी जिक्र किया गया है, जिसे जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) से जुड़ा सहयोगी बताया जा रहा है. हालांकि, फिलहाल अभी तक इस तरह की कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे चारों मृतकों की किसी आतंकी गतिविधि में संलिप्तता साबित होती हो. विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
सुरक्षा एजेंसियों का अलर्ट मोड ऑन
PoK में इस घटना के बाद नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक सीमा पर निगरानी बढ़ाई गई है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके और घुसपैठ की किसी संभावित कोशिश को रोका जा सके.
