कुलगाम हमले के बाद इस मामले में एक नया खुलासा हुआ है. अब आतंकियों की एक चालाकी सामने आयी है. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घटना के दौरान किसी दूसरे की बाइक और किसी और के नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था, जिससे उनका पता न लगाया जा सके. इस मामले में लगातार जांच की जा रही है.
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर हमला हुआ. अब जवानों पर हुए आतंकी हमले में एक नया खुलासा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, हमले में जिस बाइक का इस्तेमाल हुआ था, उसका पता लगा लिया गया है और उसके मालिक से पूछताछ की जा रही हैं, हालांकि घटना में उसकी बाइक का सिर्फ नंबर प्लेट इस्तेमाल किया गया है, उसकी बाइक उसी के पास है. फिलहाल मामले की जांच चल रही है. घटना के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है.
मौके पर तैनात थे जवान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुश्मनों की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था. इस दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों की सतर्कता, तैयारी और जवाबी कार्रवाई ने दुश्मनों के इरादों को नाकाम कर दिया. सुरक्षा बलों की प्रभावी कार्रवाई के कारण हमलावर उस स्तर का नुकसान नहीं पहुंचा सके, जिसकी उन्होंने योजना बनाई थी.
प्रदेश में जारी किया हाई अलर्ट
जवानों पर इस आतंकी हमले को देखते हुए पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. साथ ही सुरक्षाबलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. खास तौर पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के उन संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है, जहां पहले भी आतंकी हमले हो चुके हैं या जो इलाके आतंकियों की हिट लिस्ट में माने जाते हैं. जानकारी के मुताबिक इन जगहों पर सुरक्षाबलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. इसके साथ ही यहां से आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है.
कटरा में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना के बाद माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटरा में भी सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है. आपको बता दें कि कटरा हमेशा से आतंकियों के निशाने पर रहा है. ऐसे में किसी भी आतंकी घटना के बाद यहां सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरतती हैं. आपको बता दें कि कटरा में सालभर देशभर से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस, SOG और केंद्रीय अर्धसैनिक बल CRPF के जवानों की तैनाती की गई है.
