राहुल गांधी ने भाई दूज पर कांग्रेस मुख्यालय में लोगों से मुलाकात की. राहुल ने इस मुलाक़ात का अपने इंस्टाग्राम पर एक फोटो भी शेयर किया. इस दौरान पोस्ट में उन्होंने लिखा, भाई-दूज की शाम, अपनों के नाम. राहुल गांधी ने कई लोगों को मिलने के लिए आमंत्रित किया था.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाई दूज पर देश के मेहनतकश और हुनरमंद लोगों को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय (इंदिरा भवन) में आमंत्रित किया. आपको बता दें कि इस दौरान राहुल गांधी इनके साथ एक विशेष मिलन समारोह में शामिल हुए.
कौन लोग हुए शामिल?
आमंत्रित मेहमान वे लोग शामिल हुए, जिनसे पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग पेशों, समुदायों और सामाजिक मुद्दों के सिलसिले में उनकी मुलाकात होती रही है. जानकारी के मुताबिक मेहमानों में बढ़ई, मैकेनिक, नाई और मोची परिवार, रेलवे कुली, किसान, खेतिहर मजदूर, निर्माण श्रमिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हुए.
राहुल गांधी ने शेयर किया पोस्ट
आमंत्रित लोगों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर किया. इस दौरान उन्होंने लिखा- भाई-दूज की शाम, अपनों के नाम. उन्होंने लिखा कि पिछले कई सालों में अलग-अलग मौकों पर मिले, भारत जोड़ने की भावना से जुड़े इन मेहनतकश और हुनरमंद साथियों के साथ आज फिर मिलना बेहद सुखद रहा. बहुत दिलचस्प बातें हुईं. उन्होंने लिखा कि ये मेहनती लोग ही हिंदुस्तान की रीढ़ हैं, जिनका समाज के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान है. हम इनके साथ खड़े हैं, इनकी आवाज बुलंद करते रहेंगे.
एक साथ बैठे सभी लोग
कांग्रेस ने बताया कि राहुल गांधी से मिलने वाले ये वे लोग हैं, जिनका समाज के निर्माण में योगदान है और जिन्होंने वक्त पड़ने पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवाज उठाई है. राहुल गांधी ने सभी मेहमानों को अपने परिवार, परिजनों, रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ सपरिवार आमंत्रित किया था. आपको बता दें कि इस अवसर पर सभी एक साथ बैठकर पारिवारिक माहौल में राहुल गांधी से फिर मुलाकात की और अपने दिल की बात साझा की.
सफेद कपड़े पहनने पर दिया जवाब
इस दौरान गाजियाबाद से कांग्रेस नेता डॉली शर्मा राहुल गांधी से मिलने पहुंचीं. उन्होंने बताया कि उनकी भतीजी ने राहुल से पूछा कि वे हमेशा सफेद कपड़े क्यों पहनते हैं. डॉली के मुताबिक इस दौरान राहुल ने जवाब दिया कि उन्हें अपनी जिंदगी को सरल रखना पसंद है.
