सोनीपत में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. यहां पुलिस का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है. बीते करीब 72 घंटों में इलाके में हुई 4 हत्याओं से दहशत फैल गई है. स्थानीय लोगों के अंदर डर का माहौल बना हुआ है. फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है.
हरियाणा के सोनीपत में अपराधी बेखौफ़ हैं. सोनीपत में बीते 72 घंटों में 4 लोगों की हत्या हो चुकी है. इनमें दो वारदातें मंगलवार को ही हुई हैं. जिले में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि पुलिस सभी मामलों की गंभीरता से जांच का दावा कर रही है. बावजूद इसके, आम लोगों में दहशत की स्थिति बनी हुई है.
चाकू से की हत्या
फिलहाल में हुआ ताजा मामला सोनीपत के लिवान गांव का है. यहां शराब के नशे में दो लोगों में झगड़ा हुआ. इसमें एक युवक ने दूसरे की चाकू से हत्या कर दी. यह दोनों राई एचएसआईआईडीसी स्थित एक दाल फैक्ट्री में मजदूरी करते थे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ड्यूटी करके निकले थे घर
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश में महाराजगंज निवासी करण यादव के रूप में हुई है. जबकि आरोपी की पहचान नेपाल के रहने वाले राजकुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों नाइट ड्यूटी करने के बाद सुबह फैक्ट्री से निकले थे. रास्ते में ठेके से दोनों ने शराब खरीदी और अपने कमरे पर पहुंचकर पीने लगे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और राजकुमार ने करण पर चाकू से हमला करके उसकी हत्या कर दी.
मामले की जांच कर रही पुलिस
एसीपी विपिन कादयान ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान आरोपी ने करण पर चाकू से हमला किया.
दूसरी घटना में मारी गोली
आपको बता दें कि दूसरी घटना गोहाना में हुई है. यहां डे-बैक आउटलेट कैथल के मैनेजर प्रह्लाद और उसका साथी हरिओम कैथल से रोहतक की तरफ जा रहे थे. सुबह करीब ढाई बजे जब उनकी गाड़ी जम्मू-कटरा हाईवे पर खेड़ा खेड़ी गांव के पास पहुंची तो दूसरी गाड़ी में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी.प्रह्लाद और उसके साथी ने आपत्ति की तो आरोपियों ने प्रह्लाद को गोली मार दी.
खेत से बरामद हुआ शव
हाल ही में बीती रात गांव ताजपुर निवासी मुकेश उर्फ मच्छर की हत्या हुई थी. जानकारी के मुताबिक मुकेश कैंटर चालक थे. बताया जा रहा है कि उसका शव गांव के खेत में पड़ा मिला. मुकेश के सिर पर चोट के गहरे निशान थे. पास में ही एक लकड़ी का डंडा भी बरामद हुआ है. पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है.
