सोनीपत में स्कूली छात्रों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान पांच छात्रों ने एक छात्र की पिटाई कर दी. छात्रों ने पहले जैकेट से उसका सिर ढंका और फिर हमला किया. इस दौरान पीड़ित छात्र का सिर फट गया और उसे टांके लगाने पड़े.
हरियाणा के सोनीपत में स्कूल के अंदर छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक बहालगढ़ स्थित ऑर्किड्स द इंटरनेशनल स्कूल में 11वीं कक्षा के एक छात्र को उसके पांच सहपाठियों ने मिलकर बेरहमी से पीट दिया. आरोप है कि इस दौरान खेल-खेल में छात्रों ने पहले पीड़ित के सिर को जैकेट से ढंक दिया और फिर उस पर हमला कर दिया. मारपीट में छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है. उसे इलाज के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके सिर में टांके लगाने पड़े.
जैकेट से ढंक दिया सिर
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना बहालगढ़ स्थित ऑर्किड्स द इंटरनेशनल स्कूल की है. स्कूल की 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र के साथ उसके पांच सहपाठियों ने मारपीट की. बताया जा रहा कि शुरुआत में छात्र आपस में खेल रहे थे. इसी दौरान पांच छात्रों ने मिलकर पीड़ित के सिर को जैकेट से ढंक दिया और इसके बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. घटना के बाद घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया.
परिजनों ने स्कूल पर लगाए आरोप
आपको बता दें कि घटना के बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि जब कक्षा में छात्रों के बीच मारपीट हो रही थी, उस समय वहां कोई शिक्षक मौजूद नहीं था. मामले को लेकर परिजनों का कहना है कि अगर स्कूल में शिक्षकों की निगरानी होती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था. परिजनों ने इस मामले में बहालगढ़ थाना पुलिस को भी शिकायत दी है. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और घटना की पूरी जांच कराने की मांग की है.
स्कूल ने अपने स्तर पर की कार्रवाई
घटना सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन ने भी आपने स्तर पर कार्रवाई की है. स्कूल की प्रिंसिपल ने मारपीट के आरोपी पांचों छात्रों को सस्पेंड कर दिया है. प्रिंसिपल के मुताबिक, स्कूल प्रबंधन घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगा. इसके बाद स्कूल की अनुशासनात्मक कमेटी पूरे मामले की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई करेगी.
पुलिस कर रही जांच
पीड़ित छात्र के परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस स्कूल में हुई घटना से जुड़े तथ्यों और छात्रों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल घायल छात्र का अस्पताल में इलाज जारी है.
